दियार सिंचाई योजना के लिए 18 करोड़ की डीपीआर : कर्ण सिंह
सीनियर सेकेंडरी स्कूल दियार को हस्तांतरित की जाएगी वन भूमि, आयुर्वेद मंत्री ने मैदान के लिए दिए पांच लाख, विद्यार्थियों को बांटे ईनाम
5 Dariya News
कुल्लू 11-Dec-2016
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दियार का वार्षिक उत्सव रविवार को मनाया गया, जिसमें आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्कूल के खेल मैदान के लिए वन अधिकार अधिनियम के तहत वन विभाग की भूमि शिक्षा विभाग के नाम हस्तांतरित की जाएगी। आयुर्वेद मंत्री ने मैदान के लिए पांच लाख रुपये मंजूर करने की घोषणा भी की। शिक्षकों से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रदान करने की अपील करते हुए कर्ण सिंह ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में यह बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गांव-गांव में स्कूल खोलने व शिक्षा की सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने से लड़कियांे को आगे बढ़ने का सुनहरा मौका मिल रहा है। यही कारण है कि आज लड़कियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। दियार क्षेत्र के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कर्ण सिंह ने बताया कि बाहमीनाला से दियार क्षेत्र के लिए 18 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना की डीपीआर तैयार की गई है।
इसे स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा गया है। इस योजना के पूर्ण होने पर दियार के अलावा आस-पास की अन्य पंचायतों के किसानों-बागवानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इस मौके पर मंडी संसदीय क्षेत्र युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जीवन ढडवाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रधानाचार्य नंद लाल ने वार्षिक रिपोर्ट पेश की तथा विद्यार्थियों से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आयुर्वेद मंत्री ने शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। अंकित चंबियाल को बेस्ट ब्वाॅय स्टूडेंट आॅफ द ईयर और मीना को बेस्ट गर्ल स्टूडेंट का पुरस्कार दिया गया, जबकि तिलक हाउस को बेस्ट हाउस का खिताब मिला। आयुर्वेद मंत्री ने समारोह के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से दस हजार रुपये देने की घोषणा भी की। समारोह में स्थानीय पंचायत प्रधान मनोरमा देवी, विद्यार्थियों के अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।