मुख्यमंत्री से राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष की भेंट
5 दरिया न्यूज
शिमला 14-Nov-2013
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से आज यहां लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रवि ठाकुर, जो राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष नियुक्त हुए हैं, ने भेंट कर उनसे आर्शीवाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने श्री रवि ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि उनकी राष्ट्रीय स्तर पर नियुक्ति से राज्य के जनजातीय क्षेत्रों के लोगों के मामले प्रभावी ढंग से देखे जाएंगे और उनके हित सुरक्षित होंगे। श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश, विशेषकर जनजातीय क्षेत्र के लोगों के लिए गौरव का विषय है कि इस प्रतिष्ठित पद पर प्रदेश से नियुक्ति हुई है। इसके लिए प्रदेश के लोग राष्ट्रीय कांग्रेस के नेतृत्व के ऋणी हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्य और सही ढंग से होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्र के लोगों के कल्याण के प्रति वचनबद्ध है और सरकार ने वर्ष 2013-14 में जनजातीय क्षेत्रों के लिए 764 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। श्री रवि ठाकुर ने मुख्यमंत्री का शुभकामना व मार्गदर्शन के लिए आभार प्रकट किया।