वैक्यूम क्लीनर की खरीद पर उपराज्यपाल की आपत्ति निराधार : अरविंद केजरीवाल
5 Dariya News
नई दिल्ली 08-Dec-2016
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों की सफाई के लिए वैक्यूम क्लीनर की खरीद पर उपराज्यपाल नजीब जंग की आपत्ति को गुरुवार को 'निराधार' करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उपराज्यपाल के माध्यम से दिल्ली को बर्बाद करना चाहती है।दिल्ली लोक निर्माण विभाग ने दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने को लेकर वैक्यूम क्लीनर की खरीद के लिए एक प्रस्ताव पारित किया था।जंग के कार्यालय ने हालांकि इस आधार पर आपत्ति जताई कि इस काम में दिल्ली के तीन नगर निगम शामिल हैं, जिसे भाजपा संचालित करती है और अरविंद केजरीवाल की सरकार को इन तीनों निकायों से पहले परामर्श करना चाहिए।केजरीवाल ने कहा, "हम दिल्ली नगर निगम की जिम्मेदारी अपने हाथ में लेने का प्रयास नहीं कर रहे हैं। हम बस उनकी सहायता करने का प्रयास कर रहे हैं। इस आपत्ति का कोई आधार नहीं है। इरादा (जंग का) दिल्ली की जनता को परेशान करना है।"