अन्तरराष्ट्रीय लवी मेला सम्पन्न
5 दरिया न्यूज
शिमला 14-Nov-2013
राज्यपाल उर्मिला सिंह ने कहा कि प्रदेश भर में मनाए जाने वाले मेले एवं त्यौहार देवभूमि की समृद्ध संस्कृति के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परम्पराओं को बनाए रखने में सहायक हैं बल्कि आपसी भाई-चारे को सृदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये मेले व त्यौहार लोगों में खुशहाली व उमंग भी उत्पन्न करते हैं। राज्यपाल आज शिमला जिला के रामपुर बुशैहर में चार दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय लवी मेले के समापन्न समारोह के अवसर पर बोल रही थीं। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश के लोग सीधे-साधे व धार्मिक हैं, जिनका ईश्वर व देवी-देवताओं पर प्रगाढ़ विश्वास हैं। उनका यह विश्वास राज्य भर में मनाए जाने वाले मेले व उत्सवों में झलकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज भी समृद्ध सांस्कृतिक परम्पराएं जीवित हैं, जिसके लिए लोग प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए हर सम्भव प्रयास किए जाने चाहिए और मेले व त्यौहारों की प्राचीन परम्पराओं को बनाया रखा जाना चाहिए ताकि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति को जान सके।
उर्मिला सिंह ने कहा कि लवी मेले का अपना ऐतिहासिक महत्व है और यह मेला भारत व तिब्बत के मध्य व्यपारिक गतिविधियों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक व ऐतिहासिक विरासत का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन द्वारा मेले की समृद्ध परम्पराओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। राज्यपाल ने इस अवसर पर विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए। मुख्य संसदीय सचिव श्री नन्द लाल ने इस अवसर पर कहा कि लवी मेला उत्तरी भारत का एक प्रसिद्ध व्यापारिक मेला है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए उठाए गए विभिन्न पगों की जानकारी दी। अतिरिक्त उपायुक्त एवं अन्तरराष्ट्रीय लवी मेला आयोजन समिति के उपाध्यक्ष श्री डी.के. रत्न ने राज्यपाल का स्वागत किया और मेले के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल को शाॅल, टोपी और समृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। नगर पंचायत के अध्यक्ष श्री दीपक सूद ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कैलाश फैडरेशन के अध्यक्ष श्री बृज लाल, रामपुर खण्ड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्री सतीश वर्मा सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।