5 Dariya News

गीता की जननी है कुरुक्षेत्र, सरकारी समारोह से कुरुक्षेत्र का नाम हटाना निंदनीय कार्य: अशोक अरोड़ा

5 Dariya News

कुरुक्षेत्र 05-Dec-2016

इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने गीता जयंती महोत्सव के साथ से कुरुक्षेत्र का नाम हटाने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र गीता की जन्मस्थली है लेकिन सरकार ने गीता जयंती समारोह से कुरुक्षेत्र का नाम हटाकर धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के साथ खिलवाड़ किया है। कुरुक्षेत्र की पंजाबी धर्मशाला में पार्टी के जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक में एक प्रस्ताव पारित करके हरियाणा सरकार के इस फैसले की कड़ी निंदा की गई। बैठक में जिला प्रधान कुलदीप सिंह मुलतानी, हलका प्रधान रणबीर सिंह किरमिच, प्रदेशाध्यक्ष के राजनैतिक सचिव सुभाष चंद्र मिर्जापुर, चंद्रभान बाल्मीकि, सुभाष पलवल, नगर पार्षद एवं युवा इनेलो के प्रदेश सचिव नितिन भारद्वाज लाली, युवा इनेलो के प्रचार मंत्री मोहित सैनी, मियां सिंह बारना सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।अशोक अरोड़ा ने बताया कि अभी तक गीता जयंती समारोह का नाम कुरुक्षेत्र उत्सव- गीता जयंती समारोह था, लेकिन इस बार सरकार ने कुरुक्षेत्र का नाम हटा दिया है।

उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की ख्याति पूरे विश्व में है, लेकिन हरियाणा सरकार कुरुक्षेत्र के नाम को खत्म करने पर तुली हुई है। भगवान कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की भूमि पर ही अपने मुखारविंद से अर्जुन को गीता का संदेश दिया था। इसीलिए गीता के साथ कुरुक्षेत्र का नाम जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि गीता जयंती समारोह को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाना अच्छी बात है, लेकिन इसके साथ कुरुक्षेत्र का नाम भी जुड़ा रहना चाहिए था। 11 दिसंबर को कैथल में आयोजित होगा इनेलो अनुसूचित जाति सम्मेलन: इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने जानकारी दी कि महर्षि बाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में तथा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में इनेलो द्वारा कैथल में अनुसूचित जाति सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में भारी संख्या में अनुसूचित जाति के लोग शामिल होकर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर तथा महर्षि बाल्मीकि को अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति या धर्म के नहीं होते। इसीलिए इस सम्मेलन में भारी संख्या में अन्य वर्गों के लोग भी भाग लेंगे। सम्मेलन की तैयारी के लिए पार्टी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। भारी संख्या में महिलाएं व युवा भी इस सम्मेलन में शामिल होंगे।