5 Dariya News

अग्निकांड पीड़ितों को मिलेगी हरसंभव सहायता: कर्ण सिंह

आयुर्वेद मंत्री ने किया अग्निकांड प्रभावित गांव बिष्टबेहड़ का दौरा

5 Dariya News

कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) 05-Dec-2016

आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने सोमवार को ग्राम पंचायत गाहर के अग्निकांड प्रभावित गांव बिष्टबेहड़ का दौरा किया तथा पीड़ित परिवारों से भेंट की। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और राहत व पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया।कर्ण सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अग्निकांड पीड़ितों के पुनर्वास के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। आयुर्वेद मंत्री ने कहा कि बिष्टबेहड़ में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के माध्यम से दस हजार लीटर की क्षमता का पेयजल टैंक बनाया जाएगा और जिले के अन्य दूरदराज गांवों में भी इसी तरह के टैंक बनाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। कर्ण सिंह ने कहा कि अग्निकांड पीड़ितों के मकानों के पुनर्निर्माण के लिए प्राथमिकता के आधार पर लकड़ी मुहैया करवाई जाएगी। इसके अलावा अन्य विभागों के माध्यम से भी पीड़ितों को लाभान्वित किया जाएगा। गांववासियों के सभी आवश्यक प्रमाण पत्र व दस्तावेज दोबारा बनाने के लिए भी विशेष मुहिम चलाई जाएगी। आयुर्वेद मंत्री ने पीड़ितों परिवारों को अपनी ऐच्छिक निधि से पांच-पांच हजार की धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने सामाजिक संगठनों व अन्य संस्थाओं से भी पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।इस मौके पर कर्ण सिंह के साथ प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर, कुल्लू ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम चंद शर्मा, जिला कारदार संघ के अध्यक्ष दोत राम ठाकुर, एसडीएम रोहित राठौर, आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता केआर कुल्लवी, बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता हरेंद्र ठाकुर और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।