5 Dariya News

अखिलेश यादव ने भाजपा और बसपा पर किए तीखे वार

5 Dariya News

लखनऊ 04-Dec-2016

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हुसैनाबाद क्षेत्र में म्यूजियम का शिलान्यास करने के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, "भाजपा ने उप्र के किसी गांव और शहर में कोई काम नहीं किया है। देश में सिर्फ हम विकास का काम कर रहे हैं। किसी भी राज्य में इतना काम नहीं हुआ है।"मुख्यमंत्री ने रविवार को हुसैनाबाद क्षेत्र में म्यूजियम का शिलान्यास और हुसैनाबाद क्षेत्र के पुनर्विकास का लोकार्पण के साथ 'मेरा लखनऊ' अभियान का भी शुभारंभ किया। इस मौक पर उन्होंने कहा कि आज भाजपा के बहुत कार्यक्रम हो रहे हैं, क्योंकि उप्र में चुनाव आने वाला है। भाजपा वालों ने उप्र में कौन सा काम कर दिया, किस जिले में काम कर दिया? बस देश को नोटबंदी में उलझा दिया, जिससे अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है। 

उन्होंने कहा, "अचानक धन की कमी होने के कारण अब भाजपा की भी सभी रैलियां फ्लॉप साबित हो रही हैं, जिनको इन रैलियों में शामिल होना था, वे लोग तो नोट बदलने के लिए लंबी-लंबी लाइन में लगे हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं कि मोबाइल बटुआ है। इससे पैसे भेजो, लेकिन सिखाएगा कौन, इसकी तैयारी क्या है।" उन्होंने कहा कि भाजपा ने डिजिटल इंडिया का नारा दिया पर समाजवादियों ने लैपटॉप लोगों तक पहुंचा दिया।मुख्यमंत्री ने कहा, "भाजपा अभी नोटबंदी के मामले में काफी उलझी है। इसी कारण से भाजपा चुनाव में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। अभी भी चुनाव में तीन से चार महीने लग सकते हैं। इसी कारण से हम अपने कार्यकाल के सभी विकास कार्यो का उद्घाटन तथा लोकार्पण करने में लगे हैं। अभी यह सिलसिला जारी रहेगा। हम आने वाले समय में स्मार्ट फोन देने जा रहे हैं।"उन्होंने कहा, "अभी हमने मैट्रो का उद्घाटन किया था। विरोधियों ने कहा कि अधूरे काम का उद्घाटन कर दिया। लेकिन मेट्रो से व्यापार उद्योग बढ़ेगा। इसलिए विरोधी पार्टी विरोध करेगी।"उन्होंने बसपा अध्यक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा, "पत्थर वाली सरकार क्या बताएगी, उनके पास बताने के लिए कुछ नहीं है।"