5 Dariya News

जब शिवराज आ सकते हैं तो अखिलेश क्यों नहीं : साध्वी निरंजन ज्योति

5 Dariya News

कानपुर 21-Nov-2016

उत्तर प्रदेश के पुखरायां रेल हादसे के अभी दो दिन भी नहीं हुए, आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। हैलट अस्पताल घायलों का हालचाल लेने पंहुची केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने प्रेस वार्ता में उप्र के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान घायलों को देखने आ सकते हैं तो वह क्यों नहीं आए। उन्होंने कहा कि उप्र के मुख्यमंत्री कानपुर से महज 30 किलोमीटर दूरी पर आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे का उद्घाटन कर रहे हैं। फिर भी कानपुर रेल हादसे के घायलों को देखने नहीं आए, जबकि हादसे के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री घटना स्थल से लेकर हैलट अस्पताल तक घायलों को ढाढस बंधाया। 

उन्होंने कहा, "यह भारतीय जनता पार्टी संस्कार है, जिसके चलते हादसे के बाद रेलमंत्री सुरेश प्रभु, मनोज सिन्हा, केंद्रीय स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल और आज (सोमवार) मैं खुद यहां आई हूं।" लेकिन न तो सपा सरकार के मुखिया आए और न ही कोई कद्दावर मंत्री, जिससे साफ है कि सपा सरकार संवेदन शून्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। मंत्री ने लगभग 40 मिनट तक घायलों के साथ संवेदना व्यक्त की और हर संभव इलाज का भरोसा दिलाया। इमरजेंसी से लेकर वार्डो तक घायलों से बातचीत कर कहा कि केंद्र सरकार इस दुख की घड़ी में आपके साथ है। इसके बाद उन्होंने डीएम कौशलराज शर्मा व हैलट अस्पताल के प्राचार्य डॉ. नवनीत कुमार से भी घायलों के उपचार को लेकर चर्चा की।