5 Dariya News

भ्रष्टाचार ही कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि : प्रो प्रेम कुमार धूमल

5 Dariya News (मनोज रतन)

पालमपुर 20-Nov-2016

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक व प्रशिक्षण वर्ग के समारोप समारोह में पूर्व मूख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष प्रो प्रेम कुमार धूमल ने देश और प्रदेश की वर्तमान राजनैतिक परिस्थितियों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में देश नवनिर्माण की ओर बढ़ रहा है। अटल जी के कहे अनुसार भारत अब विश्व गुरू बनने की तरफ कदम बढ़ा चुका है। मात्र ढाई वर्षों के शासनकाल में परिस्थितियां इस कदर बदल गई है कि दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश अमरीका भी अब भारत को बराबरी के दर्जे से देख रहा है। श्री नरेन्द्र मोदी ने दिखा दिया है कि दुनिया झुकती है बस झुकाने वाला चाहिए।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ढाई वर्षों के शासनकाल में भारत का आम व्यक्ति आज स्वयं को हर तरह से सुरक्षित महसूस कर रहा है। पहली बार सीमा पार जाकर आतंकवाद पर प्रहार करके नरेन्द्र मोदी ने देश के दुश्मनो को स्पष्ट संदेश दिया है कि सुधर जाओ वरन् सुधार दिये जाओगे।इसी तरह भ्रष्टाचार व कालेधन की जड़ पर प्रहार करके नोटबंदी का जो फैंसला लिया उससे देश का ईमानदार व्यक्ति पहली बार स्वयं को गौरवान्वित महसूस करके अपनी ईमानदारी की कीमत को पहचान रहा है। कालेधन को प्रश्रय देने वाले नेता अब बौखलाहट में उल-जलूल बयानबाजी करके स्वयं को एक्सपोज ही कर रहे हैं।

प्रो0 प्रेम कुमार धूमल ने कांग्रेस सरकार की चार वर्षों की कारगुजारी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने चार वर्षों के शासनकाल के पश्चात विकास यात्रा तो शुरू की है परन्तु विकास के नाम पर किस उपलब्धि का जिक्र करेंगे, यह समझ से परे है, क्योंकि भ्रष्टाचार के अतिरिक्त कांग्रेस के पास उपलब्धि के नाम पर कुछ नहीं है। सरकार ने अपने स्तर पर नये विकास कार्य करना तो दूर, भाजपा के समय शुरू किए गए काम भी बंद कर दिए हैं। शिक्षा के स्तर पर प्रदेश में इतनी गिरावट कभी देखने को नहीं मिली है। कहीं स्कूल है तो बच्चे नहीं है और अगर बच्चें हैं तो अध्यापक नहीं है। यह सरकार केवल घोषणाओं की सरकार बन कर रह गई है। डैपुटेशन पर प्रदेश को चलाने वाली सरकार आज स्वयं डैपुटेशन पर चल रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार ने एक बड़ा धोखा कर्मचारियों के साथ किया है। विपक्ष में रहते हुए वीरभद्र सिंह ने घोषणा की थी कि प्रदेश के कर्मचारियों को 4-9-14 के लाभ वर्ष 2006 से मिलेंगे परन्तु वह लाभ तो दूर कर्मचारियों की डी0ए0 की किस्त भी 11-11 महीनो की देरी से मिल रही है। 2012 के चुनावों के दौरान कांग्रेस ने सबसे बड़ा वायदा प्रदेश के बेरोजगारों से बेरोजगारी भत्ते का किया था, पर हालत यह है कि न तो ’’खुदा मिला न मिसाले सनम’’। 

कांग्रेस का यह वायदा भी कांग्रेस द्वारा पूर्व में हर घर से एक व्यक्ति को रोजगार के वायदे के माफिक हवाई साबित हो गया है।प्रो0 धूमल ने कहा कि आज प्रदेश की हालत यह है कि किसान समय पर खाद और बीजों के न मिलने से परेशान है, बागवान सड़कों की खराब हालत से परेशान है, गृहणियों को राशन की दुकानो में राशन नहीं मिल रहा है, बच्चे शिक्षा के लिए भटक रहे हैं, कर्मचारी ट्रांसफर माफिया से परेशान है और बेरोजगार नौकरियों में भाई-भतीजावाद से दुःखी हैं। प्रदेश का पैंशनर अपने हक की लड़ाई के लिए सड़कों पर उतर आया है। आज ऐसा कोई वर्ग नहीं है जो इस सरकार सेदुखी न हो और इन सबसे अलग वन माफिया, ट्रांसफर माफिया, खनन माफिया, भू-माफिया दोनों हाथों से प्रदेश को लूट रहे हैं।प्रो० धूमल ने कहा कि केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने से सबसे अधिक फायदा हिमाचल प्रदेश को हुआ है। केन्द्रीय करों में प्रदेश की हिस्सेदारी 32 प्रतिशत से 42 प्रतिशत करने से हिमालच प्रदेश को 40625 करोड़ रू0 मिलेंगे। इसके साथ विशेष राज्य के दर्जे की पुनः बहाली सेहिमाचल प्रदेश को लगभग 71000 करोड़ रू0 का वित्तीय लाभ मिलेगा। 

प्रदेश को 61 नेशनल हाईवे, एम्स, रेल के विस्तारीकरण के लिए धन सहित कई योजनाओं में फायदा मिल रहा है। परन्तु प्रदेश सरकार का निकम्मापन यह है कि केन्द्र द्वारा 261 करोड़ रू0 देने के बाद भी डी0पी0आर0 तैयार नहीं की जा रही है।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि निश्चितरूप से आने वाली सरकार भारतीय जनता पार्टी की होगी। ऐसे में महिला मोर्चा से अपेक्षा है कि केन्द्र सरकार की योजनाओं को घर-2 पहुंचाये और पूर्व में भाजपा सरकार ने महिलाओं के हित के लिए जो कार्य जिसमें पंचायतीराज में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, बेटी है अनमोल, माता शबरी महिला सशक्तिकरण योजना, दूध गंगा योजना, भैया दूज व करवाचौथ की छुट्टी जैसी अनेक योजनाओं को जनता के समक्ष ले जायें जिससे प्रदेश की महिलायें भी इस बात को भली भांति जान सके कि महिलाओं की वास्तविक हितैषी कौन सी पार्टी है।इस बैठक में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा सुश्री इंदू गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विपिन परमार, श्रीमती सरवीण चौधरी, प्रदेश संगठन मंत्री श्री पवन राणा, प्रवक्ता हिमांशु मिश्रा, जिलाध्यक्ष विनय शर्मा, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा श्रीमती रश्मिधर सूद के साथ महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला एवं मण्डल अध्यक्ष उपस्थित रहीं।