5 Dariya News

स्वां तटीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताः मुख्यमंत्री

ऊना में आईओसी का भंडार डिपो खोलने की घोषणा

5 दरिया न्यूज

शिमला 09-Nov-2013

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ऊना में 450 करोड़ रुपये व्यय कर इंडियन ऑयल का भंडारण डिपो एवं सेवारत एवं पूर्व सैनिकों की सुविधा के लिए ऊना में सीएसडी कैंटीन स्थापित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि संतोखगढ़ मल निकासी योजना के कार्य में तेजी लाई जाएगी और ऊना में समुचित जल निकासी प्रणाली का विकास किया जाएगा ताकि वर्षा के मौसम में जल निकासी की समस्या का स्थाई निदान संभव हो सके। मुख्यमन्त्री आज ऊना जिले के संतोखगढ़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि 922 करोड़ रुपये की स्वां नदी तटीकरण परियोजना उत्तर भारत की सबसे बड़ी योजना है। वर्तमान प्रदेश सरकार ने इस वृहद परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ इसे नौ माह की रिकार्ड अवधि में केंद्र सरकार से स्वीकृत करवाया।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वां नदी तटीकरण परियोजना के अन्तर्गत स्वां नदी और इसकी सभी 73 खड्डों का तटीकरण सुनिश्चित बनाया जाएगा। इस परियोजना के चौथे चरण के अन्तर्गत दौलतपुर पुल से गगरेट पुल तक 11 किलोमीटर लम्बे क्षेत्र में स्वां नदी तथा दौलतपुर से संतोखगढ़ पुल तक स्वां नदी की सभी 73 खड्डों का तटीयकरण किया जाएगा। स्वां नदी एवं इसकी सभी खड्डों के तटीकरण से लोगों को इस नदी के कारण आने वाली बाढ़ का दंश नहीं झेलना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ऊना वासी अब नदी के किनारों पर खाद्यान्न और सब्जियों का उत्पादन कर पाएंगे और समृद्धि तथा विकास की नई इबारत लिखेगें। उन्होंने कहा कि स्वां नदी तटीकरण परियोजना के द्वितीय चरण का तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री प्रेम कुमार धूमल ने उस समय उद्घाटन कर दिया, जब इसका कार्य शेष था। श्री धूमल ने परियोजना के तीसरे चरण का बिना बजट प्रावधान के शिलान्यास भी कर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन चरणों को पूरा करने का मामला केन्द्र सरकार से उठाएगी ताकि इसके लिये समुचित धन उपलब्ध हो सके। 

श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि मैहतपुर औद्योगिक क्षेत्र-प्प् को औद्योगिक गतिविधियों के लिए बेहतर रूप से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित उद्योगों को नदियों और खड्डों में कचरा डालने की स्वीकृति नहीं दी जाएगी तथा प्रदेश के पर्यावरण का संरक्षण सुनिश्चित बनाया जाएगा। 

मुख्यमन्त्री ने संतोखगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है और चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ के खाली पड़े पदों को भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि संतोखगढ़-ऊना मार्ग को सुधारा जाएगा। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झखेड़ा में अगले शैक्षणिक सत्र से विज्ञान की कक्षाएं आरम्भ की जाएंगी। उन्होंने वाल्मिकी मंदिर संतोखगढ़ में सराय के निर्माण के लिए 5.1 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर परिषद कार्यालय परिसर, संतोखगढ़ में प्रेस कर्मियों की सुविधा के लिए एक कमरा उपलब्ध करवाया जाएगा।श्री वीरभद्र सिंह ने राज्य स्तरीय सोमभद्रा महोत्सव ऊना की शोभायात्रा में भी भाग लिया। उन्होंने इंदिरा मैदान ऊना में विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और अन्य संगठनों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया और प्रदर्शित उत्पादों में गहरी रूचि दिखाई। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने ऊना जिले के हरोली में 525.41 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नागरिक अस्पताल और बाथू में बाथू-बठरी-टाहलीवाल औद्योगिक गलियारे के लिए 4.46 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले श्रमिक छात्रावास की आधारशिला रखी। श्रमिक छात्रावास में 64 आवासीय इकाइयों में 128 व्यक्तियों के रहने की व्यवस्था होगी। छात्रावास में मनोरंजन कक्ष, इंडोर खेलों की व्यवस्था, कॉमन मैस, कैंटीन और आवश्यकता के आधार पर दुकानों की व्यवस्था के साथ-साथ खेल मैदान और पार्किंग की सुविधा भी होगी।मुख्यमंत्री ने टाहलीवाल, संतोखगढ़, बाथू और बठरी औद्योगिक गलियारे के लिए 10.08 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सामान्य सुविधा केन्द्र की आधारशिला भी रखी। इन औद्योगिक क्षेत्रों में 700 करोड़ रुपये के निवेश की लगभग 200 औद्योगिक इकाइयां कार्यरत हैं और यहां 7000 व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध है। यहां सभागार, सम्मेलन कक्ष, बैंक, डाकघर, बीस दुकानों वाला व्यावसायिक परिसर, विश्राम गृह, कैफे, साईबर परिसर, मनोरंजन सुविधाएं, योग केन्द्र, रेस्तरां, औषधालय और सूक्ष्म, लघु और मध्यम सुविधा परिषद के कार्यालय के लिए समुचित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उद्योग मंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने 922 करोड़ रुपये की स्वां नदी तटीकरण परियोजना के चौथे चरण को रिकार्ड समय में स्वीकृत करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों की अनेक समस्याओं का निदान होगा। उन्होंने ऊना में स्वास्थ्य एवं जन सिंचाई विभाग का वृत्त कार्यालय खोलने और बिना किसी मांग के नगर पंचायत संतोखगढ़ को नगर परिषद का दर्जा देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि श्री वीरभद्र सिंह एक अनुभवी मार्गदर्शक एवं लोकप्रिय नेता हैं और पिछले 50 से अधिक वर्षों से वे सक्रिय राजनीति में हैं। उन्होंने कहा कि श्री वीरभद्र सिंह के योग्य नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम छूए हैं।श्री वीरभद्र सिंह के मुख्यमंत्रित्वकाल में संतोखगढ़ क्षेत्र का अधिकांश विकास सुनिश्चित हुआ है। इनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सब्जी मार्किंट, बस अड्डा और व्यावसायिक परिसर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने श्री वीरभद्र सिंह के विरूद्ध झूठे मामले बनाए किन्तु माननीय न्यायालयों द्वारा श्री वीरभद्र सिंह को हर मामले से दोषमुक्त किया गया।जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र धर्माणी, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के निदेशक श्री राजीव गौतम, प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्य श्री सतपाल रायजादा और खण्ड कांग्रेस समिति ऊना के अध्यक्ष श्री हजारी लाल ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए।नगर परिषद संतोखगढ़ के अध्यक्ष श्री शिव किशोर वासुदेव ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।चतुर्थ वित्तायोग के अध्यक्ष एवं विधायक श्री कुलदीप कुमार, एग्रो पैकेजिंग के पूर्व उपाध्यक्ष श्री ओंकार शर्मा, एपीएमसी ऊना के अध्यक्ष श्री शिव कुमार सैनी, जिला कांग्रेस समिति के पूर्व अध्यक्ष श्री अविनाश कपिला, जय जवान जय किसान संघ के अध्यक्ष श्री सीता राम भारद्वाज, खण्ड कांग्रेस समिति हरोली के अध्यक्ष श्री रणजीत सिंह राणा, पूर्व विधायक श्री गणेश दत्त भरवाल, निदेशक उद्योग श्री मोहन चौहान, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क श्री राजेन्द्र सिंह, उपायुक्त श्री अभिषेक जैन, श्रमायुक्त सुश्री नंदिता गुप्ता, पुलिस अधीक्षक ऊना श्री अनुपम शर्मा, वरिष्ठ अधिकारी तथा गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।