कांग्रेस ने इंदिरा गांधी, सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी
5 Dariya News
नई दिल्ली 31-Oct-2016
कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी 32वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। पार्टी ने लौह पुरुष सरदार वल्भभाई पटेल को भी उनकी जयंती पर याद किया।कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर कहा, "इस दिन इंदिरा गांधी ने भारत की अखंडता और एकता के लिए लड़ते हुए अपनी जान दे दी थी। हम उनकी शहादत को नमन करते हैं।"गांधी भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। उनका जन्म 19 नवम्बर, 1917 को हुआ था और 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' के कुछ महीनों के बाद 31 अक्टूबर, 1984 को उनकी हत्या कर दी गई थी। इंदिरा गांधी ने सिखों के सबसे पवित्र स्थल स्वर्ण मंदिर के नाम से मशहूर हरमंदिर साहिब से खालिस्तान आतंकियों को निकालने के लिए 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' का आदेश दिया था।
वह देश के प्रथम प्रधानमंत्री और अपने पिता स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू के बाद सबसे अधिक दिनों तक प्रधानमंत्री रहीं। वह जनवरी 1966 से मार्च 1971 और फिर 14 जनवरी, 1980 से 31 अक्टूबर, 1984 को अपनी हत्या होने तक देश की प्रधानमंत्री रहीं।एक अन्य ट्वीट में कांग्रेस ने कहा, "हम आज (सोमवार) स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देते हैं।"वल्लभभाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर, 1875 को गुजरात के एक छोटे से गांव नडियाड में हुआ था। राष्ट्र की उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें साल 1991 में मरणोपरान्त भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उन्होंने देश के स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई थी और बाद में सैकड़ों रियासतों को स्वतंत्र देश के साथ सफलतापूर्वक एकीकृत किया था।वह भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे। पटेल भारत के 'लौह पुरुष' के रूप में मशहूर हैं।