5 Dariya News

जूनियर हॉकी : भारतीय महिला टीम की स्पेन पर संघर्षपूर्ण जीत

5 Dariya News

वालेंसिया 26-Oct-2016

अपने पहले मुकाबले में इंग्लैंड से मात खाने के बाद अच्छी वापसी करते हुए भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम ने पांच देशों के अंतर्राष्ट्रीय जूनियर हॉकी टूर्नामेंट में मंगलवार देर रात हुए दूसरे संघर्षपूर्ण मुकाबले में स्पेन को 3-2 से मात दी। इस मुकाबले के पहले क्वार्टर के अंतिम मिनट में स्पेन ने आगे बढ़ते हुए गोल दागकर भारत पर 1-0 से बढ़त हासिल की। टीम के लिए यह गोल क्लारा येकार्ट ने 15वें मिनट में किया। स्पेन के गोल का जवाब भारत ने दूसरे क्वार्टर में 28वें मिनट में ज्योति की ओर से किए गए गोल से दिया और मध्यांतर में दोनों टीमों का स्कोर 1-1 से बराबरी पर था।दूसरे हाफ में दोनों टीमों में संघर्षपूर्ण मुकाबला देखा गया। बढ़त हासिल करने के लिए उत्सुक भारत के लिए पेनाल्टी कॉर्नर पर रितु ने 42वें मिनट में गोल दागा। हालांकि, इसके दो मिनट बाद स्पेन की क्लारा ने गोल दागते हुए फिर से मुकाबला 2-2 से बराबर कर लिया। 

मुकाबले के चौथे क्वार्टर के अंतिम 10 मिनट भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के लिए जीवनदायी साबित हुए, जब संगीता कुमारी ने 62वें मिनट में टीम के लिए तीसरा गोल दागकर स्पेन को 3-2 से हराने में अहम योगदान दिया।इससे पहले, सोमवार को भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम को इंग्लैंड की टीम से 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था। वालेंसिया में जारी चतुष्कोणीय अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत की पुरुष हॉकी टीम ने अपने पहले मुकाबले में सोमवार को जर्मनी को 3-1 से मात देकर खाता खोला। टीम का अगला मुकाबला बुधवार को बेल्जियम से होना है। भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम का पांच देशों के अंतर्राष्ट्रीय जूनियर हॉकी टूर्नामेंट में अगला मुकाबला गुरुवार को जर्मनी से होगा।