5 Dariya News

विपक्ष में रहते महंगाई पर शोर मचाने वाले भाजपा नेताओं ने अब बढ़ती महंगाई पर साधी चुप्पी: अशोक अरोड़ा

11 दिसंबर को बाल्मीकि पर कैथल में विशाल जनसभा आयोजित करेगा इनेलो एससी सैल- अशोक अरोड़ा

5 Dariya News

कुरुक्षेत्र 22-Oct-2016

इनेलो अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में 11 दिसंबर को कैथल में महर्षि बाल्मीकि जयंती मनाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा फरवरी मास में गुरु रविदास जयंती और जून में कबीर जयंती भी प्रकोष्ठ द्वारा मनाने का फैसला आज कुरुक्षेत्र में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा तथा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ  के प्रदेश संयोजक बलदेव बाल्मीकि ने बताया कि महापुरुष किसी एक जाति विशेष के नहीं होते, इसलिए सबको मिलकर महापुरुषों की जयंती मनानी चाहिए। इनेलो ने डा. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती भी पूरे प्रदेश के हलकों में सद्भावना सम्मेलन आयोजित करके मनाई और 25 सितंबर को करनाल में विशाल रैली आयोजित करके जननायक चौ देवीलाल व डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती संयुक्त रूप से मनाई गई। पार्टी के इस प्रयास की पूरे प्रदेश में ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना की गई है। 

बैठक में अशोक अरोड़ा ने कहा कि सत्ता में जाने का रास्ता दलित और पिछड़े वर्ग के सहयोग से ही होकर जाता है। चौधरी देवीलाल और चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने हमेशा दलित व पिछड़े वर्ग को पूरा मान सम्मान दिया। चौ. देवीलाल ने सबसे पहले दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों को सत्ता में भागीदारी देकर विधानसभा और संसद का दरवाजा दिखाया था। अशोक अरोड़ा ने दलित व पिछड़े वर्ग की मुक्तकंठ  से सराहना करते हुए कहा कि 25 सितंबर को करनाल में आयोजित रैली को सफल करने में दलित व पिछड़े वर्ग का अभूतपूर्व योगदान रहा है और अब कैथल में भी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के बैनर तले महर्षि बाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा में भारी जनसमूह उमड़ेगा। उन्होंने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हलका स्तर पर बैठकें आयोजित करके इस कार्यक्रम की तैयारी में अभी से जुट जाएं।

अशोक अरोड़ा ने बढ़ती महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि महंगाई की सबसे  अधिक मार गरीब आदमी पर पड़ रही है। महंगाई चरम सीमा पर है और दालों के भाव आसमान को छू रहे हैं। विपक्ष में रहकर महंगाई पर शोर मचाने वाली भाजपा के नेता अब महंगाई बढऩे पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में जहां पूंजीपतियों की पूंजी बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर गरीब आदमी का कर्ज बढ़ रहा है। भाजपा के राज में कोई भी वर्ग सुरक्षित नहीं है। इस बैठक को प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बलदेव बाल्मीकि, पूर्व विधायक मामू राम गोंदर, रमेश खटक, ईश्वर पलाका, जिला प्रधान कुलदीप मुलतानी, रणबीर किरमिच, साधू राम, चंद्रभान बाल्मीकि, डा जीत सिंह शेर, हरिप्रकाश मंडल, रमेश लाली रतिया, इकबाल सुहाता, संदीप अजराना, महेंद्र कैंथला, मांगे राम बाल्मीकि सहित अनेक नेताओं ने संबोधित करते हुए अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ को मजबूत करने पर बल दिया।