5 Dariya News

शिअद भाजपा गठबंधन कांग्रेस और उनके हमदर्दों से निबटने में सक्षम -सुखदेव सिंह ढींढसा

5 Dariya News

चंडीगढ 21-Oct-2016

शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी गठबंधन में दरार तलाश करने वाले पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरेंदर सिंह बड़े मुगालते में हैं। छिटपुट मतभेद होने के बावजूद पचास साल पुराना यह गठबंधन कांग्रेस और उनके हमदर्दों से निबटने में पूरी तरह सक्षम है।दल के महासचिव और सांसद सुखदेव सिंह ढींढसा ने कैप्टन के इस महान विचार को उनका एक मीठा सपना करार दिया है। उन्होंने कहा है कि शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी हर बार अलग अलग घोषणा पत्र जारी करते हैं। सांझा चुनाव भी लड़ते हैं और सांझी रैलियां भी आयोजित करते हैं। यहां तक कि न्यूनतम सांझा कार्यक्रम भी घोषित करते हैं। ढींढसा ने कहा कि कैप्टन की राजनीतिक समझ दोनों दलों के रिश्ते को लेकर काफी छोटी है। कैप्टन को अच्छी तरह से समझ जाना चाहिए कि काडर, संगठन, सोच और कार्यशैली अलग अलग होने के बावजूद दोनों दल राजनीतिक क्षेत्र में पूरी तरह से संगठित और परिपक्व हैं। आगामी विधानसभा चुुनावों के लिए यह गठबंधन एक बार फिर कांग्रेस के सामने एक मजबूत चट्टान की तरह खड़ा है। ढींढसा ने कहा कि कैप्टन को पचास साल पुराने अकाली भाजपा गठबंधन की मामूली नोक झोंक की परवाह करने की जरूरत नहीं है। उन्हें इस गठबंधन के टूटने या तोड़े जाने का कोई भ्रम होना भी नहीं चाहिए। दोनों दलों का साथ चोली दामन जैसा है और छोटी मोटी बातों से इस पवित्र बंधन को कोई नुकसान पहुंचने वाला नहीं है।