5 Dariya News

शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश बना क्रांति का गवाहः वीरभद्र सिंह

मुख्यमंत्री ने कुल्लू में कीं कई विकास योजनाओं की घोषणाएं

5 Dariya News

कुल्लू 16-Oct-2016

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज कुल्लू ज़िला के बरी पधरू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए किन्जा स्वास्थ्य उप-केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, चटानी माध्यमिक पाठशाला को उच्च पाठशाला, धोबी, तोस व कलोन प्राथमिक पाठशालाओं को माध्यमिक पाठशालाओं के रूप में स्तरोन्नत करने और हलाईनी में नई प्राथमिक पाठशाला खोलने की घोषणा की। उन्होंने तरांबली में आयुर्वेदिक औषधालय, कसोल में नेचर पार्क खोलने और बरशेणी से नकथन-रूद्रनाग के लिए नए सड़क मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की।उन्होंने शरोगी मोड़ से देहणीधार सड़क को पक्का करने, ब्रीतुणी से तलोगी तक सड़क निर्माण और जुआणी सड़क मार्ग को पक्का बनाने तथा रामशिला से किन्जा सड़क को चौड़ा करने के निर्देश दिए।श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि अपने गठन के बाद हिमाचल प्रदेश ने एक लम्बी और सफल यात्रा तय की है। देश के बड़े राज्यों की श्रेणी में हिमाचल को शिक्षा के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ राज्य चुना गया है। यह पुरस्कार दिल्ली में आयोजित होने वाले स्टेट ऑफ स्टेट्स समारोह में प्रदान किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इन्दिरा गांधी को विकास और उन्नति की लहर के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने हिमाचल प्रदेश के गठन और इसे राज्यत्व का दर्जा प्रदान करने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में प्रदेश में नाम मात्र शिक्षण संस्थान थे, जबकि आज यहां लगभग 15500 स्कूल और 115 राजकीय महाविद्यालय हैं। इनमें से अधिकांश शैक्षणिक संस्थान कांग्रेस पार्टी की सरकारों के कार्यकाल में खोले गए हैं। प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सशक्त बनाना है, जिसके लिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक बच्चे को घर के नजदीक अच्छी शिक्षा मिले। शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश एक क्रांति का गवाह बना है और विशेषकर दूर-दराज एवं कठिन क्षेत्रों में रह रहीं लड़कियों को शिक्षा की सुविधा सुनिश्चित बनाई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगभग हर घर को नल का साफ पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है और किसानों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में सिंचाई योजनाओं की सुविधा दी गई है। सरकार कृषि विविधिकरण और संरक्षित खेती पर विशेष ध्यान दे रही है, क्योंकि कृषि क्षेत्र के माध्यम से लगभग 60 प्रतिशत लोगों को सीधा रोज़गार प्राप्त हो रहा है। पॉलीहाऊस निर्माण के लिए किसानों को 111.19 करोड़ रुपये की डा. वाई.एस. परमार किसान स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत 85 प्रतिशत आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, 154 करोड़ रुपये की राजीव गांधी सूक्षम सिंचाई योजना भी कार्यान्वित की जा रही है, जिसके अन्तर्गत किसानों को टपक सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास का पर्याय है और कांग्रेस सरकार लोगों से किए सभी वायदों को पूरा करती है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का अभूतपूर्व विकास हुआ है और हमारा राज्य आज देश के अन्य पहाड़ी राज्यों के लिए आदर्श बन चुका है। उन्होंने प्रदेश की भाषाओं, परम्पराओं और संस्कृति के संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि इन्हें भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखना हमारा कर्त्तव्य है।जनसभा के उपरान्त मीडिया से बातचीत के दौरान श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि मण्डी में भाजपा की रैली का प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों पर कोई प्रभाव नहीं होगा, क्योंकि लोगों का कांग्रेकस सरकार और कांग्रेस पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों में पूरा विश्वास है। 

उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का प्रदेश आगमन पर हार्दिक अभिनन्दन करते हैं।सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती विद्या स्टोक्स ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं पर 2292 करोड़ रुपये खर्च कर रही है और प्रदेश के 90 प्रतिशत लोगों को नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज कुल्लू जिला के लोगों को 23 करोड़ रुपये लागत की सिंचाई एवं पेयजल योजनाएं समर्पित की गई, जिनसे लोगों की लम्बित मांगें पूरी हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र तैयार की जाएगी।श्रीमती स्टोक्स ने कहा कि लोगों को घरेलू एवं कृषि आवश्यकताओं के लिए बिजली पर 410 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। किसानों एवं बागवानों की सुविधा के लिए बागवानी विकास मिशन के अन्तर्गत 1100 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव श्री सुन्दर सिंह ठाकुर ने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं संबंधी मांगों को मानने और 23 करोड़ रुपये लागत की सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।आयुर्वेद मंत्री श्री कर्ण सिंह, कुल्लू जिला परिषद अध्यक्ष श्री हरी चंद शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बुद्धि सिंह ठाकुर, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती विद्या नेगी, कुल्लू ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम चन्द शर्मा, मनाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री भूवनेश्वर गौड़, मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. श्री अमित पाल भी इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे।