5 Dariya News

बिहार : धार्मिक जुलूसों पर पथराव के दूसरे दिन भी तनाव, इंटरनेट बंद

5 Dariya News

पटना 15-Oct-2016

बिहार के कई जिलों में दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन और मुहर्रम के मौके पर ताजिया जुलूस पर पथराव के बाद दो समुदायों के बीच झड़प के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। जिला प्रशासन ने गोपालगंज, भोजपुर, मधेपुरा और पूर्वी चंपारण जिले में इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी है। गोपालगंज जिले में दूसरे दिन भी भारी तनाव कायम है। पुलिस के अनुसार, गोपालगंज, भोजपुर के पीरो, मधेपुरा के बिहारीगंज, पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया व सुगौली में तनाव जारी है। इस बीच पुलिस ने 60 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। गोपालगंज के हरखुआ पुल के पास शुक्रवार शाम एक धार्मिक जुलूस पर पथराव के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस बीच उपद्रवियों ने दो कारों और तीन बाइकों में आग लगा दी। इस बीच पथराव में दो पुलिसकर्मी सहित सात लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने पथराव कर रहे तत्वों को हालांकि बाद में खदेड़ दिया। 

इस बीच उपद्रवियों ने शुक्रवार रात कई दुकानों में लूटपाट की।गोपालंगज में दूसरे दिन शनिवार को भी तनाव की स्थिति है। सभी दुकानें बंद हैं। शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। गोपालगंज के जिलाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है तथा इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा संयम से काम लेने की अपील की है।इधर, भोजपुर के पीरो में चौथे दिन शनिवार को भी तनाव कायम है। इसके पहले शुक्रवार को दो समुदाय के लोग ओझवनिया नहर के पास जमा होकर नारेबाजी करने लगे। माहौल बिगड़ता देख जब पुलिस भीड़ को हटाने के प्रयास में जुटी तो शरारती तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। 

लोगों को हटाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।पूर्वी चंपारण जिले में तुरकौलिया के बाद सुगौली में शुक्रवार की शाम दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस पर पथराव के बाद स्थिति तनावपूर्ण है। उपद्रवियों ने कसाई टोला के पास करीब आधा दर्जन झोपड़ियों में आग लगा दी। सुगौली में हुए पथराव में सदर पुलिस उपाधीक्षक की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई तथा कई अधिकारी घायल हो गए हैं। पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र राणा ने शनिवार को बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। जिले में इंटरनेट सेवा को बंद रखा गया है। मधेपुरा जिला के बिहारीगंज में दुर्गापूजा के मौके पर दो पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद अभी भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। पुलिस पूरे क्षेत्र में गश्त कर रही है।