5 Dariya News

धान में किसानों की लूट बंद करने की मांग को लेकर अभय चौटाला के नेतृत्व मे इनेलो ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

सीएम का रवैया बेहद निराशाजनक, पूरी तरह से किसान विरोधी व किसानों के प्रति बेरूखी वाला- इनेलो

5 Dariya News

चंडीगढ़ 09-Oct-2016

इनेलो विधायकों व नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज चौधरी अभय सिंह चौटाला व प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में सीएम मनोहर लाल खट्टर से दिल्ली में मुलाकात कर धान में नमी के नाम पर सरकार द्वारा एमएसपी पर 75 रूपए प्रति क्विंटल तक कट लगाने के फैसले को तुरंत वापस लेने, बिना किसी कटौती मापदंडों में ढील देकर 22 प्रतिशत तक नमी वाला धान एमएसपी पर खरीदने, मंडियों में किसानों की हो रही लूट बंद करने, धान खरीद में बोगस बिलिंग व फर्जी गेटपास घोटाले की उच्चस्तरीय जांच करवाने और किसानों से काटी गर्ई रकम उन्हें वापस दिलवाने की मांग की। इनेलो नेताओं ने कहा कि किसानों को बिना किसी कटौती1510 रूपए प्रति क्विंटल पर धान का भुगतान किया जाए क्योंकि इसी रेट पर जे फार्म काटे जा रहे हैं।सीएम से मुलाकात के बाद इनेलो नेताओं ने कहा कि सीएम का रवैया बेहद निराशाजनक, किसानों के प्रति बेहद नकारात्मक व बेरूखी वाला और पूरी तरह से किसान विरोधी था। इनेलो नेताओं ने कहा कि किसानों की हो रही लूट पर सीएम से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने के कारण अब इनेलो विधायकों ने प्रदेश के राज्यपाल को पूरी स्थिति से अवगत करवाने के लिए महामहिम से मिलने का समय मांगा है। इनेलो नेताओं ने कहा कि अगर फिर भी कोई हल न निकला तो पार्टी जल्द ही अगामी रणनीति तैयार करेगी।

प्रतिनिधिमंडल में अभय चौटाला व अशोक अरोड़ा के अलावा पूर्व सीपीएस रामपाल माजरा, सांसद चरणजीत सिंह रोडी, राम कुमार कश्यप, विधायक परमेंद्र ढुल, जाकिर हुस्सैन, नसीम अहमद, रामचंद कंबोज, राजदीप फौगाट, ओम प्रकाश लोहारू, मक्खन लाल सिंगला, पिरथी सिंह नबरदार, अनूप धानक, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, गोपी चंद गहलोत, नरेंद्र सांगवान, एनएस मल्हान, प्रवीण आत्रेय भी मौजूद थे। इनेलो नेताओं ने सीएम को ज्ञापन देकर किसानों के  22 प्रतिशत नमी वाले धान को बिना किसी कट के एमएसपी 1510 रूपए प्रति क्विंटल पर खरीदने और मिलिंग के बाद शैलर मालिकों से वापस लिए जाने वाले चावल की मात्रा 67 किलो प्रति क्विंटल से कम करने, किसानों से सुखाई के नाम पर 11 रूपए प्रति क्विंटल अलग से कटौती करके शैलर मालिकों को देने का फैसला भी वापिस लेने और बोगस बिलिंग व गेट पास के जरिए हुए धान घोटाले की जांच करवाने की भी मांग की।इनेलो नेताओं ने सीएम को यह भी बताया कि बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1330 रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित है, लेकिन एमएसपी पर बाजरे की खरीद न होने के कारण आज किसानों का बाजरा 1000 रूपए से 1100 रूपए प्रति क्विंटल के रेट पर खरीद कर उन्हें खुलेआम लूटा जा रहा है। 

इनेलो नेताओं ने सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा मात्र 4 क्विंटल प्रति एकड़ बाजरे की खरीद किए जाने के फैसले को भी किसान विरोधी बताते हुए सरकार से इस फैसले को वापस लिए जाने की मांग की। इनेलो नेताओं ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि किसानों की हो रही लूट बंद करवाने, सरकार द्वारा नमी के नाम पर एमएसपी में कटौती किए जाने वाले फैसले को वापस लेने, धान घोटाले की उच्चस्तरीय जांच करवाने और धान सुखाई के नाम पर किसानों के खाते से अलग से पैसे काट कर शैलर मालिकों को दिए जाने के फैसले को वापस लिए जाने की मांग पर सीएम द्वारा कोई संतोषजनक जवाब देने की बजाए पूरी तरह से किसानों के प्रति बेरूखी और किसान विरोधी रवैया अपनाने से वे बेहद आहत हैं और जल्द ही प्रदेश के महामहिम से मिलकर उन्हें पूरी वस्तुस्थिति से अवगत करवाते हुए राज्य के संवैधानिक मुखिया होने के नाते इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए सरकार द्वारा की जा रही किसानों की खुली लूट बंद करवाए जाने और धान घोटाले की जांच करवाए जाने की मांग करेंगे।इनेलो नेताओं ने कहा कि जिन किसानों के मंडियों में जे फार्म 1510 रूपए क्विंटल के कटने के बाद किसानों को धान का भुगतान करते समय 200 रूपए से लेकर 350 रूपए क्विंटल तक कम रकम अदा की गई है, ऐसा करने वालों के खिलाफ अपराधिक मामले दर्ज कर किसानों से काटी गई रकम उन्हें तुरंत वापिस दिलाई जाए। इनेलो नेताओं ने कहा कि सरकार के ताजा आदेशों में कहा गया है कि जिस किसान की धान में नमी की मात्रा 18 फीसदी है, उन्हें 15रूपए 10 पैसे कम, 19 फीसदी नमी पर 30रूपए 20 पैसे, 20 प्रतिशत नमी पर 45 रूपए 30 पैसे, 21 प्रतिशत नमी पर 60 रूपए 40 पैसे और 22 फीसदी नमी पर 75 रूपए 50 पैसे प्रति क्विंटल कटौती करकेे किसानों को भुगतान किया जाए। यानि नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से बढऩे पर हर एक प्रतिशत पर एक किलो धान के पैसे काटने के आदेश दिए गए हैं। इनेलो नेताओं ने इसे किसानों के साथ भारी अन्याय बताया।