5 Dariya News

डेढ़ करोड़ से बनेगा दोहरानाला पुल : कर्ण सिंह

आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री ने किया पुल का शिलान्यास, कमांद सड़क का किया उदघाटन, बस को दिखाई हरी झंडी

5 Dariya News

कुल्लू 08-Oct-2016

आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने शनिवार को कुल्लू विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिल्हीराजगिरि में दोहरानाला-खड़ीहार-कमांद सड़क का उदघाटन किया और एचआरटीसी की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इसी मार्ग पर बनने वाले पुल का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर दोहरानाला में जनसभा को संबोधित करते हुए कर्ण सिंह ने कहा कि लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल से ग्राम पंचायत शिल्हीराजगिरि और खड़ीहार के दुर्गम गांवों के लोगों को सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि कमांद सड़क को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में शामिल करने तथा इसे पक्का करने के लिए सभी औपचारिकताएं जल्द ही पूरी की जाएंगी। बाराहार सड़क की मरम्मत और क्षेत्र के दुर्गम गांवों के लिए प्रस्तावित सड़कों को वन मंत्रालय की मंजूरी दिलाने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने पाहनाला और खलोगी में सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए तीन-तीन लाख की धनराशि का प्रावधान करने की घोषणा भी की। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने आयुर्वेद मंत्री का स्वागत किया और प्रदेश सरकार द्वारा करवाए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। जिला परिषद सदस्य प्रेमलता ठाकुर ने क्षेत्र की मांगें आयुर्वेद मंत्री के समक्ष रखीं। शिल्हीराजगिरि के पूर्व उपप्रधान रामलाल और खड़ीहार के उपप्रधान मोती राम ठाकुर ने भी मांगपत्र पेश किए। समारोह में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन केके शर्मा, बीडीसी सदस्य मीना देवी, ईशरा देवी, शिल्हीराजगिरि की प्रधान कल्पना देवी, खड़ीहार के बुधराम, सुखराम और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।