5 Dariya News

शैक्षणिक ढांचे को सुदृढ़ कर रही सरकार: कर्ण सिंह

आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री ने ठेला में किया स्कूल भवन का उद्घाटन

5 Dariya News

कुल्लू 07-Oct-2016

आयुर्वेद व सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने कहा है कि प्रदेश सरकार राज्य में शिक्षा के ढांचागत विकास पर विशेष बल दे रही है तथा इस पर करोड़ों रूपये की राशि व्यय की जा रही है। कर्ण सिंह शुक्रवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय उच्च पाठशाला ठेला के 58 लाख रूपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त भवन का उद्घाटन करने के उपरांत लोगों को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे है तथा स्कूलों में अध्यापकों के रिक्त पड़े पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में ठेला स्कूल को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का दर्जा दे दिया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत पारली में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी खोलने की भी घोषणा की तथा ठेला स्कूल में अधूरे पड़े विभिन्न विकास कार्यों के लिए एक लाख रूपये देने की घोषणा की। 

उन्होंने कहा रोगणा गांव को कि खीण-सीस सड़क के साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि खणी-आईशा सड़क का निर्माण लाडा के माध्यम से किया जाएगा।उन्होंने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को आइशा में ट्रांसफार्मर लगाने के आदेश दिए ताकि लोगों को कम वोल्टेज की समस्या से निजात मिल सके। कर्ण सिंह ने युवक मंडल सीस को ढाई लाख, युवक मंडल शठ निहागरडू एक लाख रूपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने महिला मंडल रोगणा के लिए एक लाख तथा स्कूली बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए दस हजार रूपये देने की घोषणा की।इस अवसर उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा जगदीश शर्मा, टैहल सिंह राणा, मंडी संसदीय क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, प्रधान पारली पंचायत किशन चंद, मुख्याध्यापक विनोद कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।