किसानों को प्रताडि़त कर रही है भाजपा, 12 हजार किसानों को मिले नोटिस इसी बात का प्रमाण: अभय चौटाला
किसानों को दिए नोटिस व बीमा योजना की काटी रकम वापस दे सरकार, कार्यकारिणी बैठक में लिए कई अह्म फैसले
5 Dariya News
चंडीगढ़ 01-Oct-2016
इनेलो के वरिष्ठ नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को प्रताडि़त करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। हाल ही में 12 हजार किसानों को सरकार द्वारा नोटिस जारी करना इसका जीता जागता सबूत है। यह बात चौधरी अभय सिंह चौटाला ने इनेलो राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। अभय चौटाला ने कहा कि एनसीआर क्षेत्र में जिन किसानों की जमीन नेशनल हाइवे के लिए ली गई है, उन किसानों को अब सरकार ने नोटिस जारी करके उन जमीनों के लिए मिले पैसे पर टैक्स मांगा है। यह सरकार की ओर से सीधे-सीधे किसानों की प्रताडऩा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को नोटिस देकर अभी उनकी पहली प्रतिक्रिया देखना चाहती है और अगर किसान इन नोटिसों को लेकर खुलकर सरकार के खिलाफ विरोध पर न आए तो आने वाले दिनों में सरकार किसानों पर संपति कर व आयकर लगाने जैसे भी कदम उठा सकती है। नेता प्रतिपक्ष 4 अक्तूबर से धान बाहुल कुरूक्षेत्र, कैथल, करनाल व पानीपत जिलों की मंडियों का दौरा करने के अलावा दशहरे के बाद बाजरा उत्पादक जिलों भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात व गुडग़ांव का दौरा कर रोजाना हर हल्के के दो गांवों सहित चार बैठकों को संबोधित करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले अनेक वादे किए थे लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। भाजपा ने वैसे तो सभी वर्गों को धोखा दिया है, लेकिन सबसे ज्यादा धोखा किसानों के साथ हुआ है। पिछले दिनों सफेद मक्खी से किसानों की बर्बाद हुई कपास की फसल का पूरा मुआवजा भी नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 12 जिलों में विशेष गिरदावरी करवाई थी और केवल 5 जिलों के किसानों को ही मुआवजा दिया गया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि किसानों के बाजरे तथा ग्वार की फसल का मंडियों में कोई खरदीदार नहीं मिल रहा। यह सब सरकार की एक सोची समझी साजिश है। अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो अगले सप्ताह से प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाकर किसानों को जागरुक करेगी तथा किसानों की लड़ाई लड़ेगी। भाजपा ने किसानों को जो नोटिस जारी किए हैं उन्हें वापस लिए जाने की मांग करते हुए इनेलो नेता ने किसानों के खातों से फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों के खातों से जबरदस्ती काटी गई रकम को लेकर भी सरकार की तीखी आलोचना करते हुए किसानों को रकम वापिस लौटाए जाने की मांग की। इनेलो नेता ने कांग्रेस व भाजपा पर आरक्षण आंदोलन दौरान प्रदेश का भाईचारा बिगाडने का आरोप लगाते हुए चौधरी देवीलाल व बाबा साहेब की जयंती पर आयोजित इनेलो की करनाल रैली की अभूतपूर्व सफलता के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं व पार्टी पदाधिकारियों को बधाई दी। अभय चौटाला ने कहा कि सेना ने बहुत ही बहादुरी का परिचय देते हुए पाकिस्तान को उनकी ही जमीं पर जाकर सबक सिखाने का काम किया, इसके लिए भारतीय सेना बधाई की पात्र है। एक सवाल के जवाब में इनेलो नेता ने कहा कि यह सब भारतीय सेना ने अपने शहीद सैनिकों की मौत का बदला लेने के लिए किया है। इसलिए भारतीय सेना को इनेलो एक पत्र लिखकर बधाई देगी।
इससे पहले जींद में हुई इनेलो राज्य कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के सभी विधायकों, सांसदों, पूर्व विधायकों, प्रदेश व राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों, जिला-हलका व शहरी प्रधानों और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश व जिला संयोजकों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने की। सांसद दुष्यंत चौटाला ने भाजपा सरकार पर वादों के विपरीत काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज विकास कार्य पूरी तरह से ठप्प हैं और समाज का हर वर्ग सरकार से बेहद दुखी और परेशान हैं। बैठक में विधायक रणबीर गंगवा ने एक प्रस्ताव के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा को किसान विरोधी बताते हुए इसका विरोध किया और इस योजना को रद्द किए जाने की मांग की। टोहाना से पूर्व विधायक निशान सिंह ने एक अन्य प्रस्ताव के जरिए धान व बाजरे की सरकार की ओर से खरीद न किए जाने से करीब 10 हजार करोड़ का घोटाला होने के आरोप लगाते हुए इस घोटाले की तुरंत उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अधिकारियों ने मिल मालिकों के साथ मिलकर धान की सरकारी खरीद नहीं की जिस कारण किसान धान को औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हुए।पूर्व डीजीपी महेंद्र सिंह मलिक ने बैठक में प्रदेश में बिगडती कानून व्यवस्था की स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए एक प्रस्ताव भी रखा जिसमें कहा गया कि जिस वीरता व बहादुरी से हमारे सैनिकों ने आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे पाकिस्तान को उसी की सरजमीं पर घुसकर उनको जो करारा जवाब दिया है, इसके लिए भारतीय सेना बधाई की पात्र हैं। इसके लिए एक पत्र लिखकर थलसेना अध्यक्ष दलबीर सुहाग को बधाई दी जाएगी। कार्यकारिणी ने इन सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मिति से परित करते हुए बैठक में उडी में शहीद हुए भारतीय सैनिकों के निधन पर दुख जताते हुए दो मिंट का मौन रखकर शहीद सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस मौके पर सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व सीपीएस रामपाल माजरा, गोपीचंद गहलौत, डॉ. केसी बांगड़, कलीराम पटवारी, विधायक परमेंद्र ढुल, डॉ. हरिचंद मिढ़ा, रामचंद्र कम्बोज, अनूप धानक, वेद नारंग, बलकौर सिंह, केहर सिंह, रविंद्र बलियाना, सुभाष गोयल, भागीराम, पूर्ण सिंह डाबड़ा, कृष्ण राठी, कृष्ण ढांडा, अशोक शेरवाल, शीला भ्याण, राज सिंह मोर, नछतर सिंह महलान, प्रदीप गिल, डॉ. रामचंद्र जांगड़ा, सतीश नांदल, यशवीर सिंह राणा, नरेंद्र सांगवान सहित सभी प्रमुख नेता व पदाधिकारी भी मौजूद थे।