5 Dariya News

स्वर्ण जयंती पर याद किए गए पंडित दीनदयाल

5 Dariya News

लखनऊ 25-Sep-2016

एकात्म मानववाद के प्रणेता उपासक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्वर्ण जयंती के अवसर पर चारबाग के पास के.के.सी. स्थित पं. दीनदयाल स्मृतिका पर राज्यपाल राम नाईक ने उनकी प्रतिमा पर माल्र्यापण किया। इस मौके पर नाईक ने कहा कि महामनीषी विचारक पं. दीनदयाल उपाध्याय की आज 100वीं जयंती है। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में मुझे दो साल दो माह हो रहे हैं और जब उत्तर प्रदेश की बात चलती है तो यह कहने में गर्व होता है कि उत्तर प्रदेश ने नौ प्रधानमंत्री देकर राज्य का मान बढ़ाया। साथ ही उत्तर प्रदेश ने पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. राममनोहर लोहिया जैसे दो महान विचारक भी दिए। उनके महान विचारों ने छोटी-छोटी बातों से ही सामाजिक समरसता का एक बड़ा संदेश दिया।’’

नाईक ने एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के मार्गों पर चलने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।पूर्व सांसद लालजी टंडन ने कहा, ‘‘जनसंघ की स्थापना के पूर्व पंडित जी के विचारों को सुनकर और उनसे प्ररेणा लेकर जनसंघ में आए और उनका अनुसरण करते हुए राजनैतिक जीवन प्रारंभ किया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनके नाम एवं विचारों से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।’भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर की ओर से आयोजित इस मार्ल्यापण व पुष्पांजलि कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, सुरेश श्रीवास्तव, विंध्यवासिनी कुमार व मंडल अध्यक्षों सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।