5 Dariya News

छात्र मुद्दों को लेकर इनसो यात्रा अपने दूसरे चरण में आज फरीदाबाद के डीएवी कालेज में पहुंची

5 Dariya News

फरीदाबाद 20-Sep-2016

छात्रों के मुद्दों को लेकर इनेलो की ओर से शुरू हुई इनसो यात्रा अपने दूसरे चरण में आज फरीदाबाद के डीएवी कालेज में पहुंची। इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगुवाई में पहुंची इस यात्रा को लेकर विद्यार्थियों में खासा जोश था और दिग्विजय चौटाला को सुनने के लिए भारी संख्या में विद्यार्थी पहुंचे। इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष छात्र संघ के चुनाव, विद्यार्थियों के बस-पास, बेरोजगारी भत्ते को लेकर काफी मुखर हुए। साथ ही उन्होंने जननायक स्व. देवीलाल जी के 103 वें जन्मदिवस के लिए करनाल में आयोजित हो रही रैली के लिए विद्यार्थियों को निमंत्रण दिया। बाद में इनसो यात्रा पलवल में पहुंची और जाट धर्मशाला में दिग्विजय चौटाला ने संबोधित किया। अपने संबोधन से पूर्व दिग्विजय सिंह चौटाला ने जम्मू कश्मीर में आंतकी हमलों में शहीद हुए 18 वीर सैनिकों को श्रदजंंलि दी। उन्होंने कहा कि यह हमला कायरतापूर्ण और पाकिस्तान की नापाक इरादों का एक नमूना था।

 छात्र संघ के चुनावों को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सरकार ने इनसो के दबाव में छात्र संघ चुनावों की घोषणा तो कर दी परन्तु अब चुनावों से सरकार भाग रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कमेटी के नाम पर जानबूझ कर छात्र संघ चुनावों में देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा ठीक नहीं और छात्र संघ चुनावों में अप्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली अपनाने से जाहिर हो रहा है कि भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सरकार युवाओं को न तो नौकरी दे रही है और न ही बेरोजगारी भत्ते को लेकर किए गए अपने वायदे पर खरा उतर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को नौकरी देने की बजाय युवाओं से नौकरी छीनी है। 

इस यात्रा में अजय भडाना, रोहतास, जगजीत कौर सहित इनसो के जिला कार्यकारिणी के अन्य सदस्य व विद्यार्थी मौजूद थे। 21 को झज्जर और 22 को हिसार पहुंचेगी इनसो यात्रा - इनसो यात्रा 21 सितंबर को झज्जर पहुंचेगी। इनसो नेता दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में चल रही यह यात्रा 21 सितंबर को प्रात 10 बजे झज्जर के कालेज में पहुंचेगी और दोपहर 12 बजे भिवानी में आएगी। 22 सिंतबर को 10 बजे हिसार और 1 बजे कैथल पहुंचेगी।