5 Dariya News

कांग्रेस ने 'भगोड़ा दिवस' मना आप पर साधा निशाना

5 Dariya News

नई दिल्ली 16-Sep-2016

कांग्रेस ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चिकनगुनिया और डेंगू के प्रकोप के बीच आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के कई मंत्रियों की राजधानी में अनुपस्थिति पर विरोध व्यक्त करने के लिए सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 'भगोड़ा दिवस' मनाया। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय माकन के नेतृत्व में आयोजित इस 'भगोड़ा दिवस' के तहत कांग्रेस ने दिल्ली से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके कई मंत्रियों और उप-राज्यपाल नजीब जंग के विकट स्वास्थ्य हालात के बीच राजधानी में न रहने पर विरोध जताया।माकन ने आरोप लगाया कि आप के सभी अहम नेता इस आपात स्वास्थ्य हालात में दिल्ली से बाहर बैठे हुए हैं।

केजरीवाल पर निशाना साधते हुए माकन ने कहा, "दिल्ली के निवासी इस समय महामारी जैसे हालात से जूझ रहे हैं, वहीं केजरीवाल पंजाब में अपनी पार्टी के प्रचार में लगे हुए हैं। यहां हालात पर नियंत्रण कायम करने की जगह वह बेंगलुरू अपना इलाज कराने चले गए।"कांग्रेस नेता माकन ने अमेरिका दौरे पर गए उप-राज्यपाल नजीब जंग और फिनलैंड में छुट्टियां मना रहे उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर भी निशाना साधा।माकन ने केजरीवाल और आप सरकार के अन्य मंत्रियों से तत्काल राजधानी लौटने का आग्रह किया और चिकनगुनिया और डेंगू के प्रकोप से बचने के उपाय पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाए जाने की मांग की।गौरतलब है कि चिकनगुनिया और डेंगू से बीते कुछ ही दिनों में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 32 लोगों की मौत हो चुकी है।