5 Dariya News

बादल एंड कंपनी को जेल पहुंचाने तक पंजाब में खूंटा गाडक़र बैठूंगा: अरविंद केजरीवाल

छोटे-गरीब किसानों का सारा ऋण माफ करेंगे , जान हथेली पर लेकर चलते हैं, बादलों से डरने वाले नहीं: सीएम दिल्ली

5 Dariya News (अजय पाहवा)

लुधियाना (पंजाब) 08-Sep-2016

चार दिवसीय दौरे पर पंजाब पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सत्तारूढ़ बादल सरकार को ललकार देते हुये कहा कि वह पंजाब में तब तक डेरा डालकर बैठेंगे, जब तक आम आदमी पार्टी की सरकार बनाकर बादल एंड कंपनी जेल में नहीं डाल देते।झांडे गांव में मीडिया को संबोधित होकर अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘मैं यहां खूंटा (खूंडा) गाढक़र बैठूंगा, बादलों को जेल में डालकर ही वापिस लौटूंगा।’अरविंद केजरीवाल ने बताया कि  वह बाघापुराना में 11 सितंबर को किसान चुनावी घोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी समय सबसे खुशहाल माना जाता पंजाब का किसान अकाली-भाजपा व कांग्रेस की सरकारों की किसान विरोधी नीतियों के कारण आज आत्म-हत्याएं करने को मजबूर हो गया है। कृषि घाटे का व्यवसाय बनकर रह गया है। लेकिन आम आदमी पार्टी ने पंजाब के किसानों की खुशहाली बहाल करने के लिये पंजाब के किसानों के बीच बैठकर उनकी राय पर आधारित  विस्तृत ब्लू-प्रिंट (मसौदा) तैयार किया है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कर्ज के बोझ से परेशान पंजाब के किसानों को कर्ज से मुक्ति दी जायेगी। आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर छोटे एवं गरीब किसानों का समूचा ऋण माफ किया जायेगा। बाकी किसानों को कर्ज के ब्याज से छूट दी जायेगी। दिसंबर 2018 तक पंजाब के सभी किसानों को कर्ज मुक्त कर दिया जायेगा।अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पर अब जोरदार हमले होंगे, ‘लुधियाना में मेरी गाड़ी पर भी लोहे की राड़ से हमला हुआ था। मलोट रैली में सांसद भगवंत मान की रैली पर हमला करवाया गया। और भी होंगे। यह लोग सब कुछ करवाएंगे। लेकिन हम डरने वाले नहीं, हम जान हथेली पर लेकर चलते हैं। पूरा पंजाब हमारे साथ है।’अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जैसे जैसे चुनाव करीब आ रहे हैं, हमारे विरोधी हम पर हर-रोज कीचड़ उछालेंगे। झूठा कुप्रचार करेंगे। फर्जी सीडीज सामने लायेंगे और यह काम शुरू हो चुका है। हमे सूचना मिली है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ सुखबीर बादल ने 63 फर्जी सीडीज तैयार करवाई गई हैं। रोज दो-चार निकालकर आम आदमी पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश करेंगे। अपने निजी चैनल पर बार-बार दिखाएंगे, लेकिन पंजाब के लोग समझदार हैं, इनकी (बादलों) की साजिशों से सावधान रहेंगे।इस अवसर पर उनके साथ फरीदकोट से सांसद प्रो. साधू सिंह और संगरूर से सांसद भगवंत मान मौजूद थे।