5 Dariya News

राजस्थान विधानसभा ने जीएसटी की पुष्टि की

5 Dariya News

जयपुर 02-Sep-2016

राजस्थान विधानसभा ने शुक्रवार को सर्वसम्मति से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संविधान (122वां) संशोधन विधेयक 2016 को मंजूरी दे दी। विधानसभा में इस विधेयक के समर्थन का प्रस्ताव शहरी विकास मंत्री राजपाल सिंह शेखावत ने विपक्षी कांग्रेस और अन्य दलों के सदस्यों के नारेबाजी के बीच रखा, जो जयपुर की हिंगोनिया गौशाला में हुई गायों की मौत पर चर्चा की मांग कर रहे थे। इसके साथ ही 17 वर्षीय दलित लड़की के कथित बलात्कार और हत्या के साथ भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया गया। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने इस विधेयक पर चर्चा की। 

राजे ने कहा कि जीएसटी राजस्थान के हित में है और देश के हित में है। राजे ने विधानसभा में कहा, "इससे निवेश और विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। इससे महंगाई घटेगी और निर्यात में वृद्धि होगी।"राजस्थान के गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि जीएसटी से भ्रष्टाचार को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, "पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी। यह एक आदर्श कर प्रणाली है। यह खासतौर से पिछड़े राज्यों की मदद करेगा और करों के बीच एकात्मकता बनेगी।"संसदीय कार्यमंत्री राजेंद्र राठौर ने कहा कि जीएसटी से कर चोरी रोकने में मदद मिलेगी।