25 सितम्बर को मुख्यमंत्री के हलके करनाल में होगी इनेलो की राज्यस्तरीय रैली
चौधरी देवीलाल के जन्म दिवस को इनेलो इस बार ‘सदभावना सम्मान दिवस’ के रूप में मनाएगी, इनेलो नेता प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित करेंगे जिलास्तरीय बैठकें
5 Dariya News
पंचकूला 31-Aug-2016
इनेलो की ओर से स्वर्गीय जननायक चौधरी देवीलाल के जन्म दिवस को इस बार 25 सितम्बर को ‘सदभावना सम्मान दिवस’ के रूप में मनाएगी और इस अवसर पर मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र हलके करनाल में राज्यस्तरीय रैली का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय इनेलो राज्य कार्यकारिणी की बुधवार को पंचकूला में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने की। बैठक में पार्टी के सभी प्रदेश व राष्ट्रीय पदाधिकारियों, जिला, हलका व शहरी अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसदों और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश व जिला संयोजकों ने भाग लिया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती को इस बार इनेलो सदभावना वर्ष के रूप में मना रही है और इसी के चलते चौधरी देवीलाल के जन्म दिवस को भी ‘सदभावना सम्मान दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। पंचकूला की बैठक में रैली की तैयारियों के लिए पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं की डयूटियां लगाई गई और इनेलो नेता ने कहा कि करनाल में होने वाली इनेलो की रैली आज तक की सबसे बड़ी रैली होगी और भीड़ व हाजिरी के लिहाज से भी पिछले सभी कीर्तिमान ध्वस्त कर देगी।
इनेलो नेता ने कहा कि मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह फेल हो चुकी है और इस रैली के माध्यम से प्रदेश की जनता सरकार की जनविरोधी नीतियों के प्रति न सिर्फ अपनी नाराजगी जाहिर करेगी बल्कि जननायक चौधरी देवीलाल की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए प्रदेश में आपसी पे्रम प्यार और सदभाव बनाए रखने का भी संकल्प लेगी। रैली की सफलता के लिए नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला व प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा अगले पखवाड़े में प्रदेश के सभी 21 जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओ की बैठकें आयोजित कर न सिर्फ इनेलो नेताओं बल्कि प्रदेशवासियों को रैली में आने का निमंत्रण देंगे और रैली की तैयारियों का प्रत्येक जिला स्तर पर जायजा भी लेंगे। आज हुई इनेलो राज्य कार्यकारिणी में पार्टी प्रदेश से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर व्यापक विचारविमर्श के बाद आगामी रणनीति भी तैयार की गई।