प्रतिभा सिंह ने किया हरिपुर स्कूल भवन का शिलान्यास
कुल्लू-मनाली लैफ्ट बैंक सड़क के लिए 19.70 करोड़ मंजूर
5 Dariya News
कुल्लू 22-Aug-2016
पूर्व सांसद एवं प्रदेश रैडक्रास सोसाइटी की उपाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरिपुर लगभग 41 लाख रुपये की लागत से बनने अतिरिक्त भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल व अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दे रही है। इन सुविधाओं के लिए प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया गया है। लड़कियों की शिक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए सरकार ने दूरदराज के क्षेत्रों के स्कूलों को प्राथमिकता के आधार पर अपग्रेड किया है और सरकारी बसों में विद्यार्थियों के लिए मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हरिपुर स्कूल में विज्ञान संकाय की कक्षाएं आरंभ करने का मामला सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुल्लू-मनाली लैफ्ट बैंक की सड़क के लिए 19 करोड़ 70 लाख की धनराशि मंजूर की गई है। 17 मील में साढे पांच करोड़ रुपये और सोलंगनाला में 3 करोड़ 70 लाख की लागत से नए पुलों का निर्माण किया जा रहा है। नेहरू कुंड और क्लाथ में भी पुलों के निर्माण के लिए धनराशि मंजूर की गई है। सीनियर सेकेंडरी स्कूल रायसन के लिए ढाई करोड़ का प्रावधान किया गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा सिंह ने विद्यार्थियों व अन्य लोगों को भांग व अफीम उखाड़ो अभियान की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील भी की।
इससे पहले प्रधानाचार्य नरंतक शर्मा ने प्रतिभा सिंह का स्वागत किया और स्कूल की उपलब्धियों की जानकारी दी। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़ और पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा ने मनाली विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का ब्यौरा पेश किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर, एसडीएम ज्योति राणा, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक जगदीश, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष विद्या नेगी, हिमऊर्जा निदेशक मंडल के सदस्य हीरा लाल विभु व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।