5 Dariya News

सिंधु के लिए 3 करोड़ रुपये पुरस्कार राशि देंगे एन. चंद्रबाबू नायडू

5 Dariya News

विजयवाडा 20-Aug-2016

आंध्र प्रदेश सरकार ने शनिवार को रियो ओलम्पिक में भारत को रजत पदक दिलाने वाली महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु को तीन करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। सिंधु को आंध्र की शान बताते हुए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सिंधु को आंध्र प्रदेश की भविष्य की राजधानी अमरावती में 1,000 वर्ग गज की रिहायशी भूमि देने और राजपत्रित अधिकारी श्रेणी की नौकरी देने की भी घोषणा की है।मुख्यमंत्री ने कहा, "सिंधु ने इतिहास रचा है। हमारे लिए उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया है। वह काफी कड़ी टक्कर देने के बाद हारीं और पूरा देश उनके जुझारूपन का गवाह बना। वह आंध्र की शान हैं और हमने उनकी जीत को सम्मानित करने का फैसला किया है।"

नायडू ने राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद को भी 50 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है जिनके मार्गदर्शन में सिंधु ने इस उपलब्धि को हासिल किया है।नायडू ने बताया कि जब वह पुराने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने गोपीचंद को अकादमी खोलने के लिए पांच एकड़ जमीन दी थी।उन्होंने कहा, "उन्होंने कर दिखाया। मैं यही बात हमेशा से कहता आ रहा हूं कि अगर सही सुविधा और मार्गदर्शन मिले तो हमारे बच्चे जीत हासिल कर सकते हैं और सिंधु एक उदाहरण हैं।"जब नायडू से पूछा गया कि पड़ोसी राज्य तेलंगाना भी सिंधु की जीत का श्रेय ले रहा है तो उन्होंने कहा कि अगर राज्य अलग हैं तो इसमें कोई बुराई नहीं है।दोनों राज्य सिंधु को अपने राज्य की बेटी बता रहे हैं। वहीं सिंधु के प्रशंसक उन्हें आंध्र का बता रहे हैं क्योंकि उनके पूर्वज आंध्र प्रदेश के ही रहने वाले थे।