5 Dariya News

अधिकारी सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग करें : राज्यवर्धन सिंह राठौड़

5 Dariya News

नई दिल्ली 19-Aug-2016

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को सरकारी अधिकारियों को सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग करने और आम जनता के लिए उपयोगी जानकारी का प्रसार करने को कहा। राठौड़ ने यहां 'सरकारी संचार के लिए सोशल नेटवर्किं ग का प्रभावशाली उपयोग' विषय पर आधारित एक कार्यशाला में अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों के साथ दो तरफा संचार स्थापित करने की कोशिश की है।उन्होंने कहा, "आप आज की दुनिया में जानकारी छिपा नहीं सकते। आपको जानकारी साझा करनी होगी। मकसद लोगों को सही प्रकार की सामग्री प्रदान करना है।"राठौड़ ने प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, "हमें खुलने की जरूरत है, आमतौर पर सरकार अपने इर्द-गिर्द एक तरह की दीवार खड़ी रखती है। लेकिन आज समय बदल रहा है।"राठौड़ ने कहा कि सोशल मीडिया अपना महत्व साबित कर चुका है और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले मुद्दे और विचार किसी के भी दिमाग और विचारों को प्रभावित करते हैं।उन्होंने कहा कि ज्यादातर केंद्रीय मंत्री फेसबुक पर हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि अभी भी उस मामले में सुधार की गुंजाइश है।