वीरभद्र सिंह ने स्वतंत्रता दिवस पर महंगाई भत्ते की घोषणा की
5 Dariya News
सोलन 15-Aug-2016
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पहली जनवरी से राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) में छह प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की। भारत के 70वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल जनवरी से डीए की बकाया राशि का अक्टूबर में भुगतान किया जाएगा। सरकारी प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया कि पहली अगस्त को पांच प्रतिशत की अंतरिम राहत की पहले ही घोषणा की जा चुकी है।
वीरभद्र ने इससे पहले थोडो मैदान पर एक 121 फुट लंबे खंभे पर लगे राष्ट्रीय ध्वज को फहराया और फिर भारतीय सेना की 17 टुकड़ियों की सलामी ली। पड़ोसी उत्तराखंड से एक दल ने भी इस समारोह में भाग लिया। उन्होंने शहर के बाहरी इलाके चंबाघाट के शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। स्कूली छात्रों ने इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसी तरह स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम सभी 12 जिला मुख्यालयों में आयोजित किए गए।