मध्यप्रदेश में गरीबों को जमीन और मकान के लिए आर्थिक मदद का ऐलान
5 Dariya News
भोपाल (मध्य प्रदेश) 04-Aug-2016
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीबों को जमीन मुहैया कराने के साथ आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहायता दिए जाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को शहडोल जिले के बुढ़ार में हितग्राही सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के सभी गरीब परिवारों को राज्य सरकार घर बनवाने के लिए भूमि मुहैया करवाकर वर्षो से भूमि पर काबिज रहवासियों को भूमि के पट्टे मुहैया कराएगी। साथ ही गरीब परिवार के लोगों को घर बनवाने के लिए आर्थिक सहायता भी मुहैया करवाएगी।मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने तय किया है कि राज्य में जिस व्यक्ति का जन्म हुआ है, उसके नाम जमीन का टुकड़ा होना चाहिए। हर आदमी का यह सपना होता है कि उसका एक घर हो तथा परिवार हो। गरीब परिवारों के इस सपने को मध्यप्रदेश में साकार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि सभी वर्गो के प्रतिभावान बच्चों को मेडिकल, इंजीनियरिंग, आईआईटी में अध्ययन के लिए आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार पहली से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क किताबें एवं गणवेश तथा दूर-दराज के क्षेत्रों में रह रहे छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क सायकल मुहैया करवा रही है। कक्षा 12वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली छात्राओं को गांव की बेटी योजना में छात्रवृत्ति मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सूचना क्रांति से जोड़ने के लिए स्मार्ट फोन और लैपटॉप भी मुहैया करवाने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। सम्मेलन में जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे, सूक्ष्म, लघु उद्यम राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री संजय पाठक उपस्थित थे।