5 Dariya News

हिलेरी अमेरिका में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार नामित

5 Dariya News

फिलाडेल्फिया 27-Jul-2016

हिलेरी क्लिंटन अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से औपचारिक तौर पर उम्मीदवार नामित हो गई हैं। वह देश में किसी राजनीतिक दल की ओर से राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामित होने वाली पहली महिला हैं। इस लिहाज से चुनाव के लिए हिलेरी की उम्मीदवारी ऐतिहासिक है। हिलेरी का ऐतिहासिक औपचारिक नामांकन मंगलवार को फिलाडेल्फिया में चल रहे पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में किया गया। हिलेरी ने वीडियो लिंक के माध्यम से डेमोक्रेटिक कन्वेंशन प्रतिनिधियों को धन्यवाद दिया।अगर नवंबर में होने वाला चुनाव वह जीत जाती हैं, तो जर्मनी की एंजेला मर्केल, ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना सहित विभिन्न देशों का नेतृत्व करने वाली महिलाओं में उनका नाम शुमार हो जाएगा।हिलेरी की उम्मीदवारी उनके पति की उम्मीदवारी के 24 वर्ष बाद सामने आई है। साल 2008 में ऐसा लग रहा था कि व्हाइट हाउस के लिए उनकी राह आसान है, लेकिन अचानक से बराक ओबामा के उभरने से वह पिछड़ गईं और ओबामा राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने वाले अफ्रीकी मूल के पहले अमेरिकी बन गए।

सम्मेलन के दौरान जब पार्टी प्रतिनिधियों ने वोटिंग शुरू की तो सम्मेलन की सचिव स्टेफनी रॉलिंग-ब्लेक ने सवाल किया, "क्या हम इतिहास बनाने के लिए तैयार हैं?"सभागार में जबरदस्त स्वागत व प्रशंसा के साथ हिलेरी को डेमोक्रेट उम्मीदवार के रूप में नामित किया गया। उन्हें पार्टी के 'अन्प्लेज्ड डेलीगेट्स या सुपरडेलीगेट्स' से भी समर्थन मिला। ये पार्टी के वे नेता होते हैं, जो पार्टी सम्मेलन में किसी के भी पक्ष में वोट डालने के लिए स्वतंत्र होते हैं।हिलेरी के नामांकन पर हालांकि बर्नी सैंडर्स के समर्थकों के विरोध का साया भी रहा। उम्मीदवारी की दौड़ में हिलेरी के प्रतिद्वंद्वी रहे सैंडर्स के समर्थकों में सोमवार को उस वक्त निराशा देखी गई थी, जब सैंडर्स ने हिलेरी को समर्थन देने की बात कही थी। सैंडर्स समर्थकों ने मंगलवार को भी हिलेरी का विरोध किया।उनके पति व पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने उनकी प्रशंसा करते हुए कहा उन्होंने जब हिलेरी के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा था, तो उन्हें दो बार उनकी अस्वीकृति का सामना करना पड़ा था, लेकिन तीसरी बार किस्मत ने उनका साथ दिया और उन्होंने हामी भर दी। उन्होंने कहा कि हिलेरी ने अपना जीवन बच्चों के अधिकारों व नागरिक अधिकार कार्यकर्ता के रूप में जिया है, जिसके बाद वह विदेश मंत्री बनीं। दुनिया भर के नेता उनपर विश्वास करते हैं और उनका आदर करते हैं।उन्होंने कहा, "उनसे मिलना उनके द्वारा दिया गया एक सबसे बड़ा तोहफा था।"