5 Dariya News

लालकृष्ण आडवाणी ने खुद पर लिखी किताब का विरोध किया

5 Dariya News

नई दिल्ली 21-Jul-2016

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी ने एक किताब 'आडवाणी के साथ 32 साल' के विमोचन पर गुरुवार को नाखुशी जताई। आडवाणी ने कहा कि किताब उनकी इच्छा के विरुद्ध प्रकाशित की गई है। आडवाणी के सचिव दीपक चोपड़ा ने एक बयान में कहा, "हमारे सामने यह बात आई है कि विशंभर श्रीवास्तव द्वारा लिखित और दिल्ली के अनिल प्रकाशन द्वारा प्रकाशित किताब 'आडवाणी के साथ 32 साल' का 22 जुलाई (शुक्रवार) को विमोचन किया जा रहा है।"चोपड़ा ने कहा, "यह ध्यान रखें कि यह किताब लालकृष्ण आडवाणी की सहमति से नहीं लिखी गई है और इसे उनकी मर्जी के बिना प्रकाशित किया गया है।"किताब के विमोचन के लिए भाजपा नेता और राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी को आमंत्रित किया गया है, जबकि एक अन्य भाजपा सांसद आर.के. सिन्हा को किताब विमोचन समारोह की अध्यक्षता के लिए आमंत्रित किया गया है।