मोदी सरकार झूठे नारों और अतिशयोक्ति में लिप्त : सोनिया गांधी
5 Dariya News
नई दिल्ली 20-Jul-2016
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यह सरकार लोगों को चालाकी से आकर्षित करने वाले समारोहों, झूठे नारों, पुरानी योजनाओं को नए तरीके से पेश करने और अतिशयोक्ति में लिप्त है। कांग्रेस संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने यह भी कहा कि लोगों पर अपनी संकीर्ण मानसिकता थोपने के लिए मोदी सरकार ने अपने बहुमत का लाइसेंस के रूप में बेजा इस्तेमाल किया है।सोनिया ने कहा, "ऐसा लगता है कि यह (सरकार) भूल गई है कि संविधानवाद के सिद्धांतों को त्यागने के लिए संसदीय बहुमत कभी कोई कारण नहीं हो सकता।"हरियाणा में राज्यसभा चुनाव का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा, "हमने देखा कि कैसे मतदान केंद्र से कलम रहस्यपूर्ण तरीके से गायब हो गईं। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। एक तरफ तो प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) दावा करते हैं कि उनकी सरकार के लिए संविधान सर्वोपरि है, लेकिन दूसरी तरफ पहले अरुणाचल प्रदेश और फिर उत्तराखंड में इसे रौंदने के बाद उसे कोई मलाल नहीं होता।"उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के लिए 'धोखा' कोई नई चीज नहीं है और तथ्यों को नजरंदाज करने में उन्हें महारत है।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "वे गलत दावा करते हैं और इसका आरोप विपक्ष खासकर कांग्रेस पर लगाते हैं।"