5 Dariya News

महिला हॉकी : अमेरिका ने भारत को दी 3-2 से मात

5 Dariya News

मानहेम (पेन्सिलवेनिया) 19-Jul-2016

ब्रजील के शहर रियो डी जेनेरियो में अगले महीने से शुरू होने वाले ओलम्पिक खेलों से पहले अमेरिका के दौर पर गई भारतीय महिला हॉकी टीम को मंगलवार को हुए मैच में मेजबान के हाथों 3-2 से हार का सामना करना पड़ा। अमेरिका की तरफ से कैथलीन शार्के ने छठवें मिनट, कैटी बाम ने 31वें मिनट में और केलसे कोलोजेजचिक ने 48वें मिनट में गोल किए। भारत के लिए प्रीति दुबे ने 33वें मिनट में और दीपिका ने 38वें मिनट में गोल किए। दोनों टीमों की कोशिश इस मैच में रक्षात्मक हॉकी खेलने और हार से बचने की थी।अमेरिका ने पहले क्वार्टर में ही कैथलीन के गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली थी। पहले क्वार्टर में भारत की वंदना कटारिया ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट के अंदर नहीं पहुंच सका।दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने वापसी की और अमेरिका की रक्षापंक्ति को भेदना शुरू किया। टीम ने जल्द ही सुगठित हॉकी खेलना शुरू किया और मेजबान खिलाड़ियों को गेंद से दूर रखा। हालांकि, मेहमान बराबरी करने में असफल रहे। 

तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच अच्छी जंग देखी गई। भारत की कोशिश बराबरी करने की थी, लेकिन कैटी ने मेजबान के लिए दूसरा गोल कर भारत को परेशानी में डाल दिया। अमेरिका को पेनाल्टी कॉर्नर मिला था जिसे कैटी ने गोल में बदल दिया।दो मिनट बाद भारत ने आक्रमण किया और प्रीति ने भारत के लिए पहला गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया। पांच मिनट बाद भारत ने फिर अपना दम दिखाया और दीपिका ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।मैच के अंतिम क्वार्टर में अमेरिका ने एक और गोल कर जीत हासिल की। भारतीय टीम के मुख्य कोच निल हॉगुड ने मैच के बाद कहा, "रियो ओलम्पिक की तैयारी के लिए ये मैच हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण हैं। हमारे बीच कड़ा मुकाबला हुआ। लड़कियों ने अच्छा खेला। हम हमारी कमियों की समीक्षा करेंगे।"भारतीय टीम का अमेरिका से अगला मैच 21 जुलाई को होगा।