5 Dariya News

तंजानिया में भारतीय समुदाय महत्वपूर्ण संपर्क सूत्र : नरेंद्र मोदी

5 Dariya News

दारेस्सलम 10-Jul-2016

चार अफ्रीकी देशों के दौरे के तीसरे पड़ाव के तहत तंजानिया पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि तंजानिया में मौजूद भारतीय समुदाय दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण संपर्क सूत्र की तरह है। मोदी ने तंजानिया के राष्ट्रपति जॉन मागुफुली द्वारा अपने सम्मान में दिए गए भोज के दौरान कहा, "आपके महान देश तंजानिया में आरंभिक दिनों में पहुंचे भारतीय समुदाय के लोग मेरे गृहराज्य गुजरात से ही थे।"उन्होंने कहा, "अब भारत और तंजानिया के बीच कारोबार, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में यहां रहे रहे हमारे देशवासी अहम कड़ी बनकर उभरे हैं।"

भोज से ठीक पहले प्रधानमंत्री मोदी ने तंजानिया में रहने वाले भारतीय समुदाय से मुलाकात की। तंजानिया में 50,000 के करीब भारतीय रहते हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस दौरान भारत दुनिया की सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था बना, उसी दौरान तंजानिया ने भी अफ्रीका में अहम अर्थव्यवस्था की हैसियत हासिल की।मोदी ने कहा कि भारत, तंजानिया के विकास के सफर में सबसे विश्वसनीय सहयोगी होगा।भारत और तंजानिया के बीच रविवार को पांच समझौतों पर हस्ताक्षर हुए।