मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमण्डल की भेंट
5 दरिया न्यूज
शिमला 01-Nov-2013
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से आज यहां हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के अनुसूचित जाति विभाग के एक प्रतिनिधिमण्डल ने विभाग के अध्यक्ष श्री कुलदीप कुमार की अध्यक्षता में भेंट की। प्रतिनिधिमण्डल ने श्री कुलदीप कुमार को हाल ही में हिमाचल प्रदेश के चौथे वित्त आयोग का अध्यक्ष मनोनित करने और उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान करने, हिमाचल प्रदेश राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री गंगू राम मुसाफिर को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान करने तथा श्री मनसा राम को मुख्य संसदीय सचिव बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह तथा कांग्रेस आलाकमान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा और अन्य कमजोर वर्गों के हित सुरक्षित हैं और श्री वीरभद्र सिंह ने इन वर्गों के लोगों को प्रदेश सरकार में पूर्ण प्रतिनिधित्व दिया है। श्री कुलदीप कुमार ने कहा कि प्रदेश का दलित वर्ग विगत कई वर्षों से श्री वीरभद्र सिंह तथा कांग्रेस पार्टी के साथ रहा है, वर्तमान में साथ है और आगे भी रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम लोगों की पार्टी है, जिसने हमेशा समाज के सभी वर्गों विशेषकर गरीबों, पिछड़ों तथा दलितों के कल्याण तथा उत्थान को प्राथकिता दी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार दलितों एवं कमजोर वर्गों के विकास को विशेष तवज्जो दे रही है ताकि इनका समुचित विकास हो सके।
प्रतिनिधिमण्डल में मुख्य संसदीय सचिव श्री नंद लाल, पूर्व महापौर शिमला श्री सोहन लाल, अनुसूचित जाति सैल जिला बिलासपुर के अध्यक्ष श्री राजु राम, अनुसूचित जाति सैल जिला ऊना के अध्यक्ष श्री संजय कुमार, अनुसूचित जाति सैल जिला शिमला (ग्रामीण) श्री नागरू राम, अनुसूचित जाति सैल जिला शिमला (शहरी) श्री मनु भाटिया, अनुसूचित जाति सैल जिला सोलन के अध्यक्ष श्री भूपिन्द्र कुमार, कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर के श्री महेंन्द्र सिंह, अनुसूचित जाति महिला मण्डल सैल की राज्य अध्यक्ष श्रीमती रत्नी पुंडीर तथा अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।