5 Dariya News

जयंत सिन्‍हा ने नागर विमानन मंत्रालय में राज्‍य मंत्री का पदभार संभाला

5 Dariya News

नई दिल्ली 06-Jul-2016

जयंत सिन्‍हा ने आज नागर विमानन मंत्रालय में राज्‍य मंत्री का कार्यभार संभाल लिया। सिन्‍हा झारखंड में हजारीबाग निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा सांसद हैं। वह मई 2014 में लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। वह 1 सितंबर, 2014 से लेकर 9 नवंबर, 2014 तक वित्‍त पर स्‍थायी समिति और अधीनस्थ विधान संबंधी संसदीय समिति के सदस्‍य थे। उन्‍होंने 9 नवंबर,2014 को केंद्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री का पदभार संभाला था और वह कल अर्थात 5 जुलाई, 2016 तक इस पद पर विराजमान रहे। जयंत सिन्‍हा का जन्‍म 21 अप्रैल, 1963 को झारखंड के गिरिडीह में श्री यशवंत सिन्हा और श्रीमती नीलिमा सिन्हा के यहां हुआ। 

उन्‍होंने आईआईटी दिल्‍ली, पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय एवं हार्वर्ड बिजनेस स्कूल में पढ़ाई की। उन्‍होंने केमिकल इंजीनियरिंग में विशिष्टता के साथ बीटेक की डिग्री हासिल करने और ऊर्जा प्रबंधन एवं नीति में एमएससी करने के अलावा विशिष्टता के साथ एमबीए भी किया। पेशे से श्री सिन्‍हा एक वेंचर कैपिटल प्रबंधन सलाहकार और हेज फंड प्रबंधक हैं। वह उद्यमिता और प्रौद्योगिकी पर एक वैश्विक विशेषज्ञ हैं। उनके लेख प्रमुख पत्रिकाओं (हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू, बिजनेस टुडे, इत्‍यादि) और समाचार पत्रों (फाइनेंशियल टाइम्स, इकोनॉमिक टाइम्स, इत्‍यादि) में प्रकाशित हुए हैं। प्रोफेशनल कार्यों के अलावा जयंत सिन्हा की काफी दिलचस्‍पी टेनिस, लेखन (लेख, फिल्म स्क्रिप्ट) और सामाजिक कार्यों में है। पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी उनका पसंदीदा शगल है। वह अमेरिका (फिलाडेल्फिया और बोस्टन) में लगभग 20 साल रहे।