5 Dariya News

धरातल पर पूरी तरह फेल हो चुकी है भाजपा सरकार: अभय चौटाला

5 Dariya News

सिरसा 24-Jun-2016

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार धरातल पर पूरी तरह से फेल हो चुकी है और वह जनता से किए अपने किसी भी वायदे को पूरा नहीं कर पा रही जो उसने चुनावों के दौरान जनता से किए थे। वे शुक्रवार को सिरसा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के मंत्रियों और विधायकों को विकास में रूचि नहीं है और वे हर पल चर्चा में बने रहने के लिए तरह तरह के बयान देते रहते हैं। उन्होंने उदाहरण दिया कि सीएम कभी वृद्धावस्था पेंशन के लिए फ्रिज होने की शर्त लगाते हैं तो कभी शिक्षामंत्री शिक्षकों के लिए स्कूलों में जिन्स पहनकर आने पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा करते हैं मगर बाद में विरोध होने पर अपने फैसले वापस लेते हैं। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जो भाजपा चुनावों से पूर्व प्रदेश में निजीकरण को समाप्त करने का दावा करती थी, अब वही भाजपा बिजली निगम में निजीकरण को बढ़ावा देने पर जुटी है। 

इनेलो नेता ने कहा कि अब राज्य सरकार ने एडहॉक पर तीसरे व चौथे दर्जे के कर्मचारियों की नियुक्ति का मुद्दा उठाया है। श्री चौटाला ने कहा कि इन नौकरियों में केवल सिफारिशें अथवा धनबल का खुलकर प्रयोग होगा और इससे सरकार अपने चहेतों को नौकरी पर लगाने के लिए स्वतंत्र होगी तथा मेधावी युवाओं को रोजगार से वंचित होना पड़ेगा। छात्रसंघ के चुनावों संबंधी प्रश्र पर उन्होंने कहा कि अप्रत्यक्ष चुनाव होने से खरीद फरोख्त को बल मिलेगा और उन्हें आशंका है कि सरकार ने चुनावों की घोषणा की है मगर उस पर अमल करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था का जनाजा निकला हुआ है। सिरसा में ही दिन दहाड़े हुई 10-12 आपराधिक घटनाओं से ये साबित होता है कि यहां पुलिस और प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह से पंगु साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बिजली पानी की खासी किल्लत है। उनके स्वयं के विधानसभा क्षेत्र के करीब 40 गांवों में पेयजल किल्लत गहराई हुई है और लोग दूर दराज के इलाकों से पानी खरीदकर लाने को मजबूर हैं। 

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने योग पर करोड़ों रुपए खर्च किए, यदि यही पैसा गांवों के विकास के लिए लगाया जाता तो निश्चित ही लोगों का लाभ होता। हरियाणा में राज्यसभा के चुनावों में विधायकों के वोटों के रद्द होने के मामले में उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, भाजपा और स्वयं उम्मीदवार सुभाष चंद्रा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उपरोक्त लोगों ने हरियाणा में राज्यसभा चुनावों पर जो कलंक लगाया है, उससे पूरे देश में हरियाणा शर्मिंदा हुआ है। फिलहाल इस मुद्दे की जांच जारी है और निश्चित ही दोषी लोगों को इसकी सजा मिलेगी। इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष पदम जैन, विधायक मक्खन सिंगला, रानियां के विधायक रामचंद्र कम्बोज, विधायक बलकौर सिंह, डॉ. हरिङ्क्षसह भारी, विनोद कंबोज, तरसेम मिढा, महावीर शर्मा भी उपस्थित थे। 

इधर, इनेलो जिलाध्यक्ष पदम जैन ने बताया कि इनेलो हरियाणा भर में सद्भावना सम्मेलन आयोजित कर रही है। इस कड़ी में 27 जून प्रात: 10 बजे कालांवाली हलके के कस्बा रोड़ी में इनेलो द्वारा सद्भावना सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। पदम जैन ने बताया कि इस सम्मेलन को नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला व प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में कालांवाली हलका से हजारो की संख्या में लोग पहुंचेंगे। जिलाध्यक्ष ने इनेलो कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समय पर पहुंचकर इस सम्मेलन में शिरकत करें।