5 Dariya News

दिल्ली : महिला से कार में सामूहिक दुष्कर्म, 3 गिरफ्तार

5 Dariya News

नई दिल्ली 16-Jun-2016

फिल्म देखकर लौट रही 25 वर्षीय एक महिला का तीन लोगों ने अपहरण कर लिया और चलती कार में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला अपनी एक महिला मित्र के साथ बुधवार को वसंत विहार के पीवीआर प्रिया से फिल्म देखकर तड़के करीब 3.15 बजे घर लौट रही थी। तभी उसका अपहरण कर लिया गया।महिला ने अपनी पुलिस शिकायत में कहा है कि आरोपियों ने उसके साथ चलती कार में दुष्कर्म किया और उसके बाद उसे वसंत विहार इलाके के पूर्वी मार्ग के पास छोड़ दिया।पीड़िता के अपहरण के तत्काल बाद उसकी दोस्त ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दी। बाद में उसने पुलिस को बताया कि वे दोनों मुनीरका की ओर चलकर जा रही थीं, तभी कार में सवार तीन लोग उनके पास आए।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पीड़िता की दोस्त ने बताया, "उनमें से एक ने मेरी दोस्त को कार में खींचा और कार चला दी।"पीड़िता की दोस्त ने कार का पंजीकरण नंबर नोट कर लिया था, जिसकी मदद से कार को ढूंढ लिया गया।अधिकारी ने कहा, "पंजीकरण नंबर की मदद से हमने कार के मालिक को गीता कॉलोनी (पूर्वी दिल्ली) में ढूंढ लिया। महिला के चिकित्सकीय परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया।"एक स्थानीय अदालत ने बाद में आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।