5 Dariya News

रेल राज्य मंत्री एवं पर्यटन राज्य मंत्री से मिले कमल शर्मा

दोनों मंत्रियों को फिरोजपुर की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया

5 Dariya News

नई दिल्ली 15-Jun-2016

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य श्री कमल शर्मा आज नई दिल्ली में रेल राज्यमंत्री श्री मनोज सिन्हा एवं पर्यटन राज्य मंत्री डा. महेश शर्मा से मिले और उन्हें विशेषकर मालवा इलाके की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। केंद्रीय मंत्रियों ने श्री शर्मा की मांगों पर अपने अधीनस्थ अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।प्रेस को जारी विज्ञप्ति में भाजपा नेता श्री कमल शर्मा ने बताया कि रेल राज्य मंत्री श्री मनोज सिन्हा की जानकारी में लाया गया कि फिरोजपुर से जम्मू तक चलने वाली ट्रेन का रूट अगर कटरा तक बढ़ा दिया जाए तो इससे माता वैष्णो देवी के दर्शनार्थ जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि उक्त ट्रेन का जम्मू में पर्याप्त ठहराव है और बिना समय में परिवर्तन किए इस गाड़ी का रूट कटरा तक बढ़ाया जा सकता है। दूसरी ओर फिरोजपुर से हरिद्वार के लिए समय-समय पर हॉलीडे एक्सप्रैस चलाई जाती है। हरिद्वार जहां देश का प्रसिद्ध धर्मस्थल है वहीं यहां के इलाके से उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाके से घनिष्ठ व्यापारिक संबंध भी हैं। 

इस रूट पर यात्रियों की बहुतायत होने  के चलते लोगों को मजबूरन बसों से सफर करना पड़ता है। अगर इस गाड़ी को नियमित कर दिया जाए तो इससे न केवल यात्रियों को सुविधा होगी बल्कि रेलवे का राजस्व भी बढ़ेगा। इसके अतिरिक्त रेल प्रशासन ने फिरोजपुर से चंडीगढ़ के लिए ट्रेन तो चलाई है परंतु इसकी समय सारिणी अनुकूल न होने के चलते यात्रियों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा। अगर इसका समय बदल दिया जाए तो इससे इस इलाके के लोगों को भारी सुविधा होगी। रेल राज्य मंत्री ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को फोन पर निर्देश दे कर इस संबंध में तुरंत रिपोर्ट सौंपने को कहा।इसके अतिरिक्त भाजपा नेता श्री कमल शर्मा केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री डा. महेश शर्मा से मिले और उन्हें बताया कि फिरोजपुर के हुसैनीवाला में शहीद-ए-आजम स. भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव की समाधि पर लाइट एंड साउंड शो दिखाने की योजना विचाराधीन है। इस पर तत्काल कार्रवाई की जाए क्योंकि इससे न केवल देशवासियों को अपने क्रांतिकारियों के साहसिक व प्रेरक कारनामों की जानकारी मिल सकेगी बल्कि लोगों में देशभक्ति की भावना का और तीव्र गति से संचार हो पाएगा। डा. शर्मा ने अपने अधिकारियों को इस संबंध में मंत्रालय की अगली बैठक में उक्त विषय को प्राथमिकता के आधार पर रखने को कहा है।