5 Dariya News

सानिया मिर्जा, लिएंडर पेस, रणवीर सिंह को 'इंडियन ऑफ द ईयर' अवार्ड

5 Dariya News

नई दिल्ली 10-Jun-2016

सीएनएन-न्यूज18 'इंडियन ऑफ द ईयर' 2015 के विजेता घोषित कर दिए गए हैं। इस बार खेल के लिए सानिया मिर्जा, अभिनेता रणवीर सिंह, मनोरंजन के क्षेत्र में एसएस राजमौली, स्पेशल जूरी अवार्ड लिएंडर पेस और जनसेवा के क्षेत्र में यह पुरस्कार 'चेन्नई की जनता' को समर्पित किया गया है। वैसे प्रतिष्ठित भारतीय नागरिक, जिन्होंने समाज के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देकर पूरे देश को प्रेरणा दी है, उन्हें सम्मानित करने के लिए नेटवर्क18 ने आज नई दिल्ली में 'सीएनएन-न्यूज18 इंडियन ऑफ द ईयर' 2015 के विजेताओं के नामों की घोषणा की है। इस बारे में नेटवर्क18 के चेयरमैन आदिल जैनुलभाई ने कहा, "सीएनएन-न्यूज 18 'इंडियन ऑफ द ईयर' का अवार्ड हमारे देश को प्रेरणा देने वाले नागरिकों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करने का हमारा एक प्रयास है। अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ऐसी प्रेरणादायक हस्तियां ब्रांड भारत के सच्चे अग्रदूत के तौर पर खुद को स्थापित करती हैं। ऐसी हस्तियों को सम्मानित करना नेटवर्क18 के लिए सौभाग्य की बात है।"

खेल के लिए यह पुरस्कार सानिया मिर्जा को दिया गया। सानिया और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने एक साथ मिल कर विम्बलडन और यूएस ओपेन सहित कुल 9 खिताब जीते। व्यापार के क्षेत्र में यह पुरस्कार बंधन फाइनेन्शियल सर्विसेज को दिया गया। बंधन फाइनेन्शियल सर्विसेज ने महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे कारोबारों सहित भारत के 65 लाख गरीब कर्जधारकों की जिंदगी को बदल दिया है। जनसेवा के क्षेत्र में यह पुरस्कार 'चेन्नई की जनता' को समर्पित किया गया। बीते 100 सालों में हुई सबसे विनाशकारी बारिश से मची तबाही के दौरान चेन्नई की जनता ने अपने घरों के साथ-साथ दिलों के दरवाजे भी खोल दिए और बाढ़ में डूबी शहर की सड़कों पर आकर पड़ोसियों को बाहर निकालने, बचाव और राहत का काम किया। सीएनएन-न्यूज18 इंडियन ऑफ द ईयर 2015 पुरस्कार भी 'चेन्नई की जनता' को मिला। 

मनोरंजन के क्षेत्र में यह पुरस्कार एसएस राजमौली को दिया गया, जिन्होंने फिल्म 'बाहुबली: द बिगनिंग' का निर्देशन किया है। बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद युवा अभिनेता के तौर पर उभरे रणवीर सिंह को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट (स्वच्छ भारत) का पुरस्कार डॉ. बिंदेश्वर पाठक को दिया गया। उन्होंने लाखों मैला ढोने वालों का सामाजिक सम्मान लौटाकर उनकी जिंदगियां बदली हैं। आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट (मेक इन इंडिया) के लिए यह पुरस्कार यूनाइडेट टेक्नोलॉजी को मिला है। इस कंपनी ने भारत में मौजूद विकास की संभावनाओं पर भरोसा जताया और भारत को विश्वस्तरीय विनिर्माण केंद्र में बदल दिया। इसने देश के कामगारों को जरूरी अत्याधुनिक औजारों से लैस किया और उन्हें आने वाले समय के लिए तैयार कर दिया। स्पेशल अचीवमेंट अवार्ड फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को दिया गया। धमाकेदार कमाई करने वाली तनु वेड्स मनु रिटर्न में अपनी अद्भुत अदायगी के जरिए पुरुष प्रधान फिल्म इंडस्ट्री के पुराने र्ढे को तोड़ने के लिए उन्हें यह पुरस्कार मिला है। 

लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार बलबीर सिंह सीनियर को दिया गया। हेलसिंकी ओलंपिक में बलबीर सीनियर ने फाइनल मुकाबले में पांच गोल दागे थे, जो आज भी एक विश्व रिकॉर्ड है। इसके चार साल बाद इन्होंने मेलबर्न में अपने लगातार छठे स्वर्ण पदक के लिए भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी की और गोल्डेन हैट्रिक को पूरा किया। स्पेशल जूरी अवार्ड लिएंडर पेस को दिया गया। क्योंकि जब उनके ज्यादातर समकालीन खिलाड़ी सन्यास ले चुके हैं, लिएंडर पेस ने उम्र की बाधा को धता बताना जारी रखा है। भारत के इस सफलतम टेनिस खिलाड़ी ने वर्ष 2015 में भी अपने शानदार प्रदर्शन का सिलसिला बरकरार रखा। सीएनएन-न्यूज18 के प्रबंध संपादक राधाकृष्णन नैयर का कहना है, "यह हमारे लिए बेहद गर्व की बात है कि इंडियन ऑफ द ईयर अवार्ड ने अपने दस साल पूरे कर लिए हैं और इसे अभी भी देश के सबसे प्रतिष्ठित अवाडरें में से एक माना जाता है। मैं सभी विजेताओं को तहेदिल से शुभकामनाएं देता हूं।"