5 Dariya News

मन्ना डे की जगह कोई नहीं ले सकता

5 दरिया न्यूज

मुंबई 24-Oct-2013

गायक मन्ना डे के निधन से शोकाकुल उषा उथुप और कुमार सानू जैसे गायकों का कहना है कि उनकी जगह कोई नहीं ले सकता, अपने संगीत के जरिए वह हमेशा जीवित रहेंगे। सांस की बीमारी और गुर्दे खराब होने के चलते डे बेंगलुरू के एक अस्पताल में भर्ती थे। कुछ समय तक वह वेंटिलेटर पर रहे। वह 94 साल के थे। उनके निधन पर गायक-गायिकाओं ने शोक जताया :

उषा उथुप ने आईएएनएस से कहा : मैं पूरी तरह हैरान और दुखी हूं। हम सभी उन्हें काफी लंबे समय से जानते थे, लेकिन अंतत: उन्हें उनके दर्द से छुटकारा मिल गया। ऐसा कोई इंसान नहीं है जो उनकी जगह ले सके।"उन्होंने कहा कि वह मौलिक इंसान थे। चाहे शास्त्रीय गाने हों या हल्के गाने वह उन्हें बड़ी आसान से गाते थे। वह सही मायने में सज्जन पुरुष थे। अपने संगीत और उद्योग में अपने योगदान के जरिए वह हमारे साथ रहेंगे।

अनु मलिक :  उनके निधन की खबर सुनकर मैं बिल्कुल बिखर गया। मैं उन खुश्किस्मतों में से एक हूं जो उनसे मिले। जब मैं 14 साल का था तभी उनसे मिला था। उन्होंने मेरे लिए एक गाना गाया था। उनके जैसे नम्र और सरल व्यक्ति से मैं कभी नहीं मिला। मैं कह सकता हूं कि मन्ना डे कभी नहीं मर सकते। वह दिग्गज हैं। उनकी आवाज हमेशा जीवित रहेगी।"

कुमार सानू : फिल्मोद्योग के लिए यह बहुत दुखदायी पल है। हमारे जैसे गायक उनके पदचिन्हों पर चलकर आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। उनके गानों ने बहुत प्रेरित किया है। अभी भी हम उनके गानों से प्रेरणा लेते और और उनसे बहुत कुछ सीखते हैं।"