जम्मू व श्रीनगर के स्टेडियम को और बेहतर बनाने की घोषणा
5 Dariya News
नई दिल्ली 07-Jun-2016
केंद्रीय खेल मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को जम्मू एवं कश्मीर के दो बड़े स्टेडियम में सुधार कर इन्हें उन्नत बनाने की घोषणा की है। यह दोनों स्टेडियम जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम और श्रीनगर के बक्शी स्टेडियम हैं। खेल मंत्री ने यह घोषणा जम्मू एवं कश्मीर से संबंधित लंबित पड़े मुद्दों पर खेल मंत्रालय की बैठक के बाद की। जितेंद्र सिंह ने कहा, "जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम के सुधार के काम के लिए 42 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसका काम एनबीसीसी के जिम्मे सौंपा गया है जो आगे कई और एजेंसियों को अपने साथ जोड़ेगी। मंत्रालय काम पर पूरा ध्यान देगा और आश्वस्त करता है कि स्टेडियम के सुधार का काम मानसून के खत्म होने के बाद शुरू हो जाएगा, संभवत: इस साल के अंत से पहले।"
उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद स्टेडियम में जो काम किया जाना है, उनमें सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, सिंथेटिक हॉकी ट्रैक, स्वीमिंग पूल, शौचालय, गैलरी में सुधार का काम, साथ ही आधुनिक खेल उपकरण लगाना शामिल हैं। जम्मू एवं श्रीनगर के अलावा पुंछ और राजौरी के स्टेडियम के सुधार के लिए भी चार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।"उन्होंने कहा, "जल्द ही जम्मू एवं श्रीनगर के अलावा अन्य जगह 12 इंडोर स्टेडियम बनाने की योजना भी है। जम्मू के मानसर और कश्मीर के पहलगाम में वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए भी योजना बनाई गई है।"बैठक में केंद्रीय खेल सचिव राजीव यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।