5 Dariya News

उत्तर प्रदेश : सामूहिक दुष्कर्म बाद किशोरी की हत्या, शव पेड़ से बांधा

5 Dariya News

बहराइच 28-May-2016

उत्तर प्रदेश में बहराइच के माघी गांव में शुक्रवार देर रात नित्यक्रिया के लिए घर से निकली किशोरी को गांव के तीन युवकों ने अगवा कर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया, और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को यूकेलिप्टस के पेड़ से बांध दिया। पुलिस के अनुसार, परिवारजनों ने किशोरी का शव सुबह खेत में पेड़ से बंधा देखा।पुलिस ने बताया कि किशोरी के पिता की शिकायत पर गांव के निवासी सर्वजीत, घनश्याम और इमरान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपी युवक रात से फरार हैं। 

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, कोतवाली नानपारा अंतर्गत माघी गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी नित्यक्रिया के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान युवकों ने उसे अगवा कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। लोगों ने शनिवार सुबह किशोरी का शव दुपट्टे से पेड़ से बंधा देखा और कोतवाली को सूचना दी। एएसपी देवेंद्र नाथ, सीओ अजय भदौरिया, प्रभारी निरीक्षक पी.के. सिंह, एसएसआई सत्यप्रकाश सिंह और उपनिरीक्षक अशोक सिंह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। 

पुलिस के अनुसार, पीड़ित के पिता ने कहा कि गांव के सर्वजीत, घनश्याम और इमरान उसकी बेटी के पीछे पड़े थे। माह भर पूर्व तीनों ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी और उसे अगवा करने की कोशिश की थी। समय रहते जानकारी होने पर किशोरी की जान बच गई थी। लोक-लाज के भय से तीनों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया था। सीओ अजय भदौरिया ने कहा, "किशोरी का शव पेड़ से बंधा हुआ मिला है। उसके कपड़े भी खून से सने हैं। ऐसे में दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। लेकिन पोस्टमार्टम रपट आने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।"