5 Dariya News

तेदेपा के 3 दिवसीय महासम्मेलन का आगाज

5 Dariya News

तिरुपति (आंध्र प्रदेश) 27-May-2016

तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) का तीन दिवसीय 'महानदू' या महासम्मेलन शुक्रवार को तिरुपति में शुरू हो गया। महासम्मेलन में शामिल होने के लिए आंध्र प्रदेश व तेलंगाना दोनों राज्यों से बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता पहुंचे हैं। तेदेपा आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ और तेलंगाना में विपक्षी दलों में से एक है।तेदेपा अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने महासम्मेलन के आगाज स्वरूप पार्टी का झंडा फहराया। उन्होंने पार्टी के दिवंगत संस्थापक एन.टी. रामा राव की याद में एक फोटो प्रदर्शनी भी शुरू की।

महासम्मेलन के इंतजामों की देखरेख कर रहे तेदेपा आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कला वेंकट राव ने कहा कि दोनों राज्यों से करीब 30,000 नेता व कार्यकर्ता शिरकत करेंगे और विकास, राजनीति एवं सामान्य प्रस्तावों पर चर्चा में शामिल होंगे।महासम्मेलन के आखिरी दिन रविवार को राजनीतिक प्रस्ताव होंगे।चंद्रबाबू नायडू के बेटे और पार्टी के महासचिव नर लोकेश भी इंतजामों पर नजर रख रहे हैं।वेंकट राव ने कहा, "हमने 30,000 लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की है, लेकिन पहुंचने वालों की संख्या ज्यादा दिखाई पड़ती है। हमारे खानसामा अतिरिक्त लोगों के लिए भी भोजन बनाने के लिए तैयार हैं।"तिरुपति में तेदेपा के झंडों का वर्चस्व दिख रहा है।