दुष्यन्त चौटाला के प्रयासों से केंद्रीय भैंस व कृषि अनुसंधान परिषद् के सैंकड़ों कर्मचारी हुए नियमित
कर्मचारी यूनियन ने सांसद दुष्यंत चौटाला का जताया आभार
5 Dariya News
हिसार 20-May-2016
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् के सदस्य व हिसार से इनेलो सांसद दुष्यन्त चौटाला के अथक प्रयासों से केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान हिसार सहित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् के अंतर्गत आने वाले अन्य समकक्ष संस्थानों के सैंकड़ो कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया गया है। इस सम्बंध में संस्थान में सूचना आने के पश्चात केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान सयुंक्त कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने सांसद दुष्यंत चौटाला के अर्बन एस्टेट स्थित आवास पर पहुचकर कर ख़ुशी जताते हुए मिठाई बांटी व इस कार्य के लिए सांसद चौटाला का आभार जताया।
सांसद की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि को धन्यवाद पत्र भी सौंपा व आशा जताई कि भविष्य में भी सांसद से कर्मचारियों के हितो की आवाज उठाते रहने का आग्रह किया।
गौरतलब है कि पिछले दिनों जब सांसद चौटाला को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् का सदस्य मनोनीत किया तो सांसद दुष्यन्त चौटाला ने केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान के हिसार स्थित केंद्र का दौरा किया था। तब इन कच्चे कर्मचारियों ने अपनी व्यथा बताते हुए बताया था कि वे पिछले 28 -30 वर्षो से यहां कार्यरत है। परन्तु उन्हें किसी प्रकार की कोई सुविधा नही मिल पा रही है।
उन्होंने सांसद से उन्हें नियमित करवाये जाने का आग्रह किया था। गत 4 फऱवरी को जब भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् की नई दिल्ली में बैठक हुई तो सांसद दुष्यन्त चौटाला ने परिषद् के सदस्य के तौर पर इस बैठक में इन कर्मचारियों को नियमित करने के मामले को जोर शोर से उठाया। सांसद ने यह भी मांग की कि कच्चे कर्मचारियों को पक्के करने के लिए जो दसवी कक्षा पास की शर्त है उसे भी हटाया जाए क्यों कि आज से 30 वर्ष पहले जिनको कच्चे कर्मचारी के तौर पर लगाया गया था, उनमे से अधिकतर दसवीं पास भी नही है। दुष्यंत चौटाला की इस बात पर गौर करते हुए परिषद् के सभी सदस्यों ने इस प्रस्ताव को पास करते हुए इन कर्मचारियों को नियमित करते हुए इसके लिए लगाई गई दसवीं पास की शर्त को भी हटा दिया। इससे पूरे देश में हज़ारो कर्मचारियों को फायदा पहुंचा है।