5 Dariya News

बिहार में 'महाजंगलराज' लौटा : शाहनवाज हुसैन

5 Dariya News

नई दिल्ली 14-May-2016

बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भाजपा नेताओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखे हमले किए। एक पत्रकार और गया के एक किशोर की हत्या पर विपक्षी नेताओं ने कहा कि महागठबंधन के सत्ता में आने के साथ बिहार में 'महाजंगलराज' लौट आया है।भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा, "चुनाव से पहले हमलोग कह रहे थे कि अगर बिहार में महागठबंधन सत्ता में आता है तो जंगलराज लौट आएगा। लेकिन हमलोग गलत थे। अब तो महा जंगलराज आ गया है।"उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री को बनारस जाने के लिए समय है, लेकिन पीड़ित परिवार के यहां गया जाने का समय नहीं मिला, जहां एक किशोर की हत्या हुई थी।"सिवान के स्टेशन रोड के निकट व्यस्त बाजार में शुक्रवार को एचटी ग्रुप के हिन्दी समाचार पत्र 'दैनिक हिन्दुस्तान' के ब्यूरो प्रमुख राजदेव रंजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई।बिहार विधान परिषद की सदस्य के पुत्र रॉकी यादव ने पिछले सप्ताह के अंत में एक रोड रेज के मामले में किशोर आदित्य सचदेवा (19) की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी थी।भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने नीतीश कुमार पर हमला करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया।उन्होंने ट्वीट कर कहा, "आम आदमी को भूल जाइए, बिहार में पुलिस और प्रेस भी सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं। यह सब नीतीश सरकार में अराजकता के बारे में बताता है।"केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर कहा, "गया के आंसू सूखे भी नहीं थे कि सिवान में पत्रकार की हत्या ने बिहार का खून जमा दिया है।"