‘स्पोर्टस कांउसिल एक्ट’ को मिलेगा संवैधानिक दर्जा:- अनिल विज
5 Dariya News
चंडीगढ़ 05-May-2016
हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए शीघ्र ही ‘स्पोर्टस कांउसिल एक्ट’ पारित कर काउंसिल को संवैधानिक दर्जा दिया जाएगा।श्री विज आज यहां प्रैस से मिलिए कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि स्पोर्टस कांउसिल की समिति न केवल राज्य स्तर पर होगी बल्कि जिला, उपमंडल, नगर निगम, नगर परिषद तथा नगर पालिका स्तर पर भी इसकी समितियां बनाई जाएगी। यह समिति अपने क्षेत्रों के खिलाडिय़ों तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करेगी। इस समिति में स्थानीय प्रशासन के अतिरिक्त खिलाडिय़ों, एनजीओ तथा अन्य प्रबुद्घ लोगों को शामिल किया जाएगा।
खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने स्पोर्टस अथोर्टी ऑफ इंडिया की तर्ज पर स्पोर्टस अथोर्टी ऑफ हरियाणा बनाई है। इसके साथ ही साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए ‘साहसिक खेल अकादमी’ बनाई गई है। प्रदेश के विभिन्न खेल परिसरों में ‘स्पीड’ योजना के तहत युवा खिलाडिय़ों को मिलने वाली राशि बायोमेट्रिक हाजरी से दी जाएगी। विभाग ऐसे सभी खिलाडिय़ों का डिजिटल डाटा तैयार कर रहा है। सरकार ने प्रदेश में परम्परागत खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर वर्ष 23 मार्च को शहीद भगत सिंह, राजगुरू व सुखदेव के शहीदी दिवस पर राष्टï्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन करने का निर्णय लिया है। इसके प्रथम विजेता को एक करोड़, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 50 लाख तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले को 25 लाख रुपये दिये जाएंगे।
श्री विज ने बताया कि इसी कड़ी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी पर 25 सितम्बर को हरियाणा सरकार राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करेगी। इस प्रतियोगिता में भी प्रथम रहने वाली टीम को एक करोड़, दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 लाख तथा तीसरे को 25 लाख रुपये दिये जाएंगे। इसके साथ ही हरियाणा के सभी गांवों में योग एवं व्यायामशालाएं बनाई जाएगी, इसके पहले चरण 1100 गांवों में इनका निर्माण किया जाएगा। इनके लिए शीघ्र ही 1100 योग शिक्षकों की भर्ती भी की जाएगी, जिसको सरकार पहले की मंजूर कर चुकी है।खेल मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने इस बार 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस चंडीगढ़ में मनाने का निर्णय लिया है, जिसमें हरियाणा के 10 हजार साधक भाग लेंगे। इस आयोजन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भी उपस्थित रहेंगे। इसकी तैयारियों के लिए पूरे प्रदेश में 15 मई से 15 जून तक गांव, तहसील, उपमंडल तथा जिला स्तर पर योग प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इनमें से श्रेष्ठï साधकों को ही इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी।