5 Dariya News

भूख हड़ताल पर बैठे कन्हैया की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

5 Dariya News

नई दिल्ली 05-May-2016

एक सप्ताह से जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में भूख हड़ताल पर बैठे जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की तबीयत गुरुवार को बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। कन्हैया के दोस्त उमर खालिद ने आईएएनएस को बताया, "कन्हैया की हालत खराब है। वह अर्ध-चेतन अवस्था में है। उनके अंगों को अंदरूनी नुकसान पहुंचने की आशंका है।"खालिद ने कहा कि कन्हैया को गुरुवार सुबह उलटी होने लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जेएनयूएसयू के अध्यक्ष कन्हैया और जेएनयू के अन्य 19 विद्यार्थी परिसर में नौ फरवरी को हुए बवाल की जांच करने वाली एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा उन्हें सुनाई गई सजा के खिलाफ 28 अप्रैल से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।खालिद ने कहा, "अन्य विद्यार्थियों का स्वास्थ्य भी तेजी से बिगड़ रहा है। सभी विद्यार्थियों का करीब चार-छह किलोग्राम वजन कम हो गया है।"उच्च स्तरीय समिति ने खालिद को भी सजा के तौर पर जेएनयू से एक सेमेस्टर के लिए निलंबित कर दिया है। खालिद ने कहा, "यह अनिश्चिकालीन भूख हड़ताल का आठवां दिन है। जेएनयू प्रशासन अब भी टस से मस नहीं हुआ है।"